घर लौट रहे युवक की चाकू से गोदकर हत्या, सड़क किनारे मिली खून से सनी लाश

मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव सड़क किनारे खून से सना हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

मृतक की पहचान, परिवार में मचा कोहराम

मृतक की पहचान मकेश्वर पंडित (उम्र करीब 34 वर्ष), निवासी मोतीपुर के रूप में हुई है। जैसे ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखा, घर में चीत्कार मच गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर सड़क किनारे मृत अवस्था में मिला।

रोज शाम तक घर लौट आता था युवक

परिजनों के मुताबिक, मकेश्वर पंडित रोज मिट्टी के बर्तन बेचने का काम करता था और आमतौर पर शाम 8 बजे तक घर लौट आता था। लेकिन गुरुवार को रात 10 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से सना एक शव देखा। बाद में उसकी पहचान मकेश्वर पंडित के रूप में हुई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।