जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, फसल कटाई पर चाचा-भतीजा समेत पांच घायल

मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेलवा दियारा हीरारही बहियार में गुरुवार को फसल कटाई को लेकर चल रहे पुराने जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और गोलीबारी भी हुई। इस झड़प में चाचा-भतीजा समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की स्थिति गंभीर

घटना में सुनील रजक को बाएं जांघ में गोली लगी, जबकि उनके भतीजे सौरभ कुमार के पेट में गोली लगी है। इसके अलावा फुचो रजक, सन्नी कुमार और संजय कुमार भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सौरभ कुमार की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।

जमीन विवाद के चलते हिंसा

घायल पक्ष की ओर से पिंकी देवी ने बताया कि दो बीघा जमीन का बंटवारा पहले ही तीनों भाइयों के बीच हो चुका था। उनके हिस्से की जमीन बेटी की शादी के लिए सुदभरना पर दी गई थी, जिस पर गेहूं की फसल लगी थी। फसल कटाई के दौरान ही विवाद हिंसक रूप में सामने आया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि यह घटना जमीन विवाद के कारण हुई है। पुलिस ने एक पक्ष के डोमन रजक और उसके पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।