पठानकोट में तीन दिवसीय दौरे पर 16 को आएंगे राज्यपाल:नशे के खिलाफ निकालेंगे जागरुकता रैली, स्कूलों के प्रिंसिपलों से करेंगे बैठक

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया 16 से 18 अप्रैल तक पठानकोट के विशेष दौरे पर रहेंगे। इस दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक बैठक आयोजित की। यह बैठक जिला प्रशासनिक परिसर मलिकपुर में डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों, एसडीएम अर्शदीप सिंह, तहसीलदार परमप्रीत सिंह गौराया, जिला शिक्षा अधिकारी कमलदीप कौर और सिविल सर्जन डॉ. सुनीता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

3 दिन पठानकोट में रहेंगे राज्यपाल

डिप्टी कमिश्नर ने राज्यपाल के कार्यक्रम की जानकारी देते बताया कि राज्यपाल 16 अप्रैल को महाराणा प्रताप स्कूल मंग्याल मनवाल में वीडीसी सदस्यों को संबोधित करेंगे। 17 अप्रैल को नशा विरोधी जागरूकता के लिए संदीपनी स्कूल से एबी कॉलेज तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन नियाड़ी,फंगोता और रावी सदन में वीडीसी सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक भी की जाएगी।

सीमावर्ती क्षेत्र के स्कूलों के प्रिंसिपलों से बैठक

दौरे के अंतिम दिन, 18 अप्रैल को श्री साईं कॉलेज बंधानी में सीमावर्ती क्षेत्र के स्कूलों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान, राज्यपाल के इस दौरे को सफल बनाने के लिए विभिन्न अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।