IPL 2026 में पूरी तरह भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा दिख रहा है। सीजन के शुरुआती 38 मैचों में कुल 13 हजार 100 रन बने हैं। इनमें से भारतीय बल्लेबाजों ने 9066 रन ठोके हैं, जो कि कुल रनों का 69.21% है। यह किसी एक सीजन के शुरुआती 38 मैचों के बाद भारतीय बल्लेबाजों के योगदान का सबसे बड़ा आंकड़ा है। पिछले साल इस स्टेज तक 12,858 रन बने थे, जिसमें भारतीय बैटर्स ने 66.25% का योगदान दिया था।
IPL के शुरुआती वर्षों में यह आंकड़ा 50% के आसपास रहता था और 2009 में तो यह 47.51% तक गिर गया था। लेकिन इस साल भारतीय बल्लेबाजों ने रनों का जो अंबार लगाया है, उसने विदेशी बल्लेबाजों की चमक फीकी कर दी है। विदेशी बल्लेबाजों ने इस सीजन 30.79% रन (4034) बनाए हैं, जो भारतीय बैटर्स का आधा भी नहीं है।
- स्ट्राइक रेट में भी भारतीय बैटर्स ने विदेशियों को पीछे छोड़ दिया है। इस सीजन बने कुल रनों में स्ट्राइक रेट 154.17 रहा है।
- इनमें भारतीय बैटर्स के 9066 रन 158.86 की स्ट्राइक रेट से आए हैं, जबकि विदेशियों ने अपना योगदान 144.59 के स्ट्राइक रेट से दिया है।
- रन औसत (29.44) में भी भारतीय बैटर्स विदेशियों (26.54) से बेहतर हैं।
- सर्वाधिक सिक्स में टॉप-10 भारतीय हैं। वैभव ने सर्वाधिक 32 छक्के लगाए हैं। किसी विदेशी के 16+ सिक्स नहीं हैं।
विस्फोटक बैटिंग: टॉप-11 स्ट्राइक रेट में सभी भारतीय बल्लेबाज
- रनों की संख्या से भी ज्यादा चौंकाने वाला आंकड़ा रन बनाने की गति यानी स्ट्राइक रेट का है। इस साल भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट (158.86) विदेशी बल्लेबाजों की तुलना में 14.27 अधिक है।
- IPL के 19 साल में यह बहुत बड़ा बदलाव है। इससे पहले केवल दो बार (2010 और 2011) ऐसा हुआ था, जब भारतीयों ने विदेशियों से तेज रन बनाए थे, लेकिन तब भी यह अंतर बहुत मामूली था। भारतीय बल्लेबाजी की गहराई का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस सीजन में 200 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले 24 खिलाड़ियों में से 19 बल्लेबाज भारतीय हैं। इनमें सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट वाले टॉप-11 बल्लेबाज सिर्फ भारतीय हैं।
- विदेशी बल्लेबाजों में सबसे पहला नाम फिल सॉल्ट का है, जो 12वें नंबर पर आते हैं। उनके बाद 13वें नंबर पर कूपर कोनोली हैं। आरसीबी के लिए टिम डेविड ने जरूर 194.68 की स्ट्राइक रेट से शानदार बल्लेबाजी की है, लेकिन कुल 183 रन होने की वजह से वह 200 रनों के कट-ऑफ से बाहर हैं।
- पहली बार किसी सीजन में 200+ रन वाले बल्लेबाजों में टॉप-10 स्ट्राइक रेट भारतीय बैटर्स का है। इससे पहले सबसे करीबी आंकड़ा 2011 में था, जहां टॉप-8 बैटर्स भारतीय थे। हालांकि, तब वीरेंद्र सहवाग का 168.42 का स्ट्राइक रेट सर्वश्रेष्ठ था, जबकि इस बार सभी टॉप-11 भारतीयों का स्ट्राइक रेट उनसे ऊपर है।
विदेशी दिग्गजों का फ्लॉप शो…
- एक तरफ भारतीय बल्लेबाज और युवा सितारे तूफानी प्रदर्शन कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ दुनिया भर की टी20 लीग्स में खेलने वाले बड़े विदेशी नाम बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं।
- हेड और एडेन मार्करम जैसे दिग्गजों का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा है, लेकिन वे भी 8 पारियों में 200 रन का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी 150 से कम रहा है।
- कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 भारतीय क्रिकेट के उस स्वर्णिम दौर की गवाही दे रहा है जहां अनकैप्ड और युवा भारतीय खिलाड़ियों ने डर को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट खेलने की पूरी परिभाषा ही बदल दी है।
अनकैप्ड का बेस्ट सीजन : सर्वाधिक योगदान-सर्वाधिक अवॉर्ड्स
भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों ने 2757 रन बनाए हैं, जो किसी भी सीजन के पहले 38 मैचों के हिसाब से सबसे ज्यादा है। इनका स्ट्राइक रेट 160.48 भी किसी सीजन में सर्वश्रेष्ठ रहा है। स्ट्राइक रेट के मामले में टॉप-11 में से चार अनकैप्ड भारतीय हैं। प्रियांश ने 249.01 के स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई हैं, जबकि वैभव 234.86 के स्ट्राइक रेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं। प्रभसिमरन और आयुष म्हात्रे ने दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। इस सीजन में अनकैप्ड भारतीयों ने 6 बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता है, जो एक नया रिकॉर्ड है।