बंगाल जीत में राजस्थान भाजपा टीम:बंगाल में प्रवासी राजस्थानियों से सीएम भजनलाल-राठौड़ ने सीधा संवाद किया, 863 पन्ना प्रभारी लगाकर जीती बाजी

बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में राजस्थान के नेताओं की बड़ी भूमिका रही है। प्रदेश भाजपा के 51 वरिष्ठ नेताओं ने बंगाल चुनाव में सभाओं व रोड शो से लेकर बूथ मैनेजमेंट की कमाल संभाली। इनके साथ करीब 100 कार्यकर्ता भी गए थे। बंगाल में प्रवासी राजस्थानी की बड़ी आबादी को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने यहां के नेताओं को चुनाव प्रचार व मैनेजमेंट में लगाया। बड़ी बात ये भी है कि जहां राजस्थानी नेताओं ने चुनावी कमान संभाली, उनमें से अधिकतर सीट भाजपा ने जीती है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने सिलीगुड़ी, हावड़ा उत्तर, बैरकपुर सहित छह विधानसभा क्षेत्रों में मारवाड़ी समाज व सामाजिक संस्थाओं के साथ बैठकें की थीं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रणनीति के तहत 863 पन्ना प्रमुख, 56 शक्ति केंद्र, 267 बूथ इंचार्ज लगाकर बाजी पलटी।

बंगाल जीत के वो किरदार, जिन्होंने बूथ लेवल तक की प्लानिंग की…ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट तक जीते

  • पीएम की सभाओं व रोड शो: जिम्मेदारी वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी के पास रही।
  • पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के पास भवानीपुर में चुनाव मैनेजमेंट की जिम्मेदारी थी। भवानीपुर से सीएम को हराने में उनकी रणनीति महत्वपूर्ण रही। यहां रवि नैय्यर, सोमकांत शर्मा भी लगे थे।
  • गृह मंत्री शाह की रैलियों के प्रबंधन की जिम्मेदारी मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा समेत अन्य नेताओं को दी गई थी।
  • केंद्रीय नेताओं की सभा की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने संभाली।
  • केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत व कैलाश चौधरी को सिलिगुड़ी व विधायक जितेंद्र गोठवाल को आसनसोल का जिम्मा।

यादव-बंसल का बढ़ा कद

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बंगाल के चुनाव प्रभारी हैं। संगठन प्रभारी का दायित्व सुनील बंसल के पास है। बंगाल जीत के बाद दोनों नेताओं का पार्टी में कद बढ़ा है। दोनों को बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

जीत का लड्डू : भाजपा की जीत पर प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया गया। सीएम भजनलाल शर्मा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने एक दूसरे को लड्डू खिलाया। हंसी-ठिठोली हुई।