कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर 1.96 करोड़ फॉलोअर्स:फाउंडर अभिजीत के माता-पिता बोले- 2 रातों से नहीं सोए, डर है बेटा गिरफ्तार न हो जाए

कॉकरोज जनता पार्टी के अचानक लोकप्रिय होने से इसके फाउंडर अभिजीत दीपके के माता-पिता बहुत ज्यादा परेशान हो गए हैं। उन्हें डर है कि अभिजीत किसी मुसीबत में पड़ सकते हैं। उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

अभिजीत के पेरेंट्स भगवान और अनीता दिपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहते हैं। दोनों ने गुरुवार को एक मराठी न्यूज चैनल को बताया कि वे अपने बेटे को राजनीति में नहीं भेजना चाहते थे। अभिजीत के इस कदम के बारे में जानकर हमारी रातों की नींद उड़ गई है।

भगवान ने कहा कि आज की राजनीति देखकर डर लगना स्वाभाविक है, चाहे उसके कितने भी फॉलोअर्स क्यों न हों। उसने खुद भी भारत लौटने पर गिफ्तार होने का डर जाहिर किया है। अभिजीत की मां ने कहा कि वे चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे और नौकरी पाने पर ध्यान दे।

दरअसल, CJI सूर्यकांत ने 15 मई को एक सुनवाई के दौरान देश के बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहा। 16 मई को उन्होंने सफाई दी और कहा- मैंने युवाओं की आलोचना नहीं की, बल्कि उनकी बात की जो फर्जी-नकली डिग्री के सहारे वकालत जैसे पेशों में आ जाते हैं।

सोशल मीडिया पर 16 मई को सुबह 11.33 बजे अभिजीत दीपके नाम के शख्स ने कॉकरोच जनता पार्टी नाम का प्लेटफॉर्म बनाया। इसी CJP प्लेटफॉर्म के इंस्टाग्राम पर 24 घंटे में फॉलोअर्स दोगुने हो गए हैं।

शुक्रवार सुबह 11 बजे तक ये आंकड़ा 1.96 करोड़ पहुंच गया है। जो देश की किसी भी राजनीतिक पार्टी के फॉलोअर्स से ज्यादा हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 90 लाख और कांग्रेस के 1.34 करोड़ फॉलोअर्स हैं।