नूंह में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़:गोली लगने से एक आरोपी घायल, साथी फरार; गोवंश और पिकअप बरामद

हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार को मुंबई एक्सप्रेसवे पर गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक कथित गो-तस्कर दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में भर्ती कराया गया है।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि नूंह-तावडू सीआईए और फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस को गो-तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी की गई और वाहनों की जांच शुरू की गई।

ड्राइवर ने नाकाबंदी तोड़ भगाया वाहन

जांच के दौरान गोवंश से भरी एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राइवर नाकाबंदी तोड़कर तेजी से वाहन भगा ले गया। पुलिस टीम ने पिकअप का पीछा किया। पीछा किए जाने पर पिकअप सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

साथी खेतों के रास्ते हुए फरार

हालांकि, अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोवंश से भरी पिकअप, एक देसी कट्टा और सात गोवंश बरामद किए हैं। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। घायल आरोपी की पहचान राजस्थान के भूतकावास धोलागढ़ निवासी जमशेद पुत्र दीनू के रूप में हुई है।

आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब घायल आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।