अमेरिका से भारत पहुंचा करनाल के युवक का शव:कैलिफोर्निया सड़क हादसे में हुई मौत, 2 साल पहले प्लाट बेचकर गया था

हरियाणा में करनाल जिले के बाल बालरागड़ान के 24 वर्षीय युवक की अमेरिका सड़क हादसे में मौत के बाद उसका शव सोमवार देर रात को अमेरिका से भारत लाया गया। आज सुबह उसका शव को दिल्ली एयरपोर्ट से एम्बुलेंस के जरिए उनके पैतृक गांव लाया गया।

गौरव का शव जब घर पर पहुंचा, तो उसकी मां व उसकी बहन दोनों ही बेहोश हो गई। अंतिम दर्शन के बाद हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार के लिए गांव के ही श्मशान घाट पर ले जाया गया।

जहां पर गौरव के पिता ने नम आखों से अपने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी। परिजनों ने बताया कि शव को भारत लाने में करीब 25 लाख रुपए से ज्यादा खर्च आया है। 2 साल पहले बेटे को प्लाट बेचकर 50 लाख रुपए लगाकर अमेरिका भेजा था। परिजनों ने सरकार व प्रशासन से शव भारत लाने की गुहार भी लगाई थी। अब गांव के लोगों व अमेरिका में रह रहे भारतीयों की मदद से आज गौरव का शव भारत आ पाया है।

6 माह में डंकी के रास्ते पहुंचा था गौरव

गांव बालरागड़ान निवासी गौरव के पिता रामफल ने बताया कि वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए करीब 2 साल पहले अमेरिका गया था। उस समय मैंने उसे जाने से मना भी किया था लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद उसने प्लॉट व दुकान बेचकर बेटे को अमेरिका भेजा। गौरव डंकी रूट से 6 महीनों में अमेरिका पहुंचा था।

अब 13 दिन पहले उनके पास फोन आया कि गौरव की कैलिफोर्निया सड़क हादसे में मौत हो गई है। उसका ट्रक बेकाबू होकर खाई में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

26 मई को आखिरी बार घर किया था कॉल

पिता ने बताया कि हादसे से पहले यानी 26 मई को गौरव ट्रक लेकर निकला था। रास्ते में एक रेस्टोरेंट पर चाय पीने के लिए रुका और उसने घर फोन कर बताया कि वह ट्रक चला रहा है और कुछ देर बाद फिर बात करेगा। यह कॉल उसकी घरवालों के साथ हुई बातचीत की आखिरी कॉल साबित हुई।

ट्रक का बैलेंस बिगड़ा, खाई में गिरने से मौत

अमेरिकी पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट से निकलने के बाद वह कुछ ही दूरी चला था कि अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक खाई में जा गिरा। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 27 मई को दोपहर करीब ढाई बजे परिवार को फोन आया, जिसमें अमेरिकी पुलिस ने हादसे और मौत की जानकारी दी।

बहन की हो चुकी शादी

गौरव के पिता ने बताया कि गौरव परिवार का बड़ा और इकलौता बेटा था, उसकी एक छोटी बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। अब परिवार में मैं और मेरी पत्नी ही रह गए। पिता ने कहा कि अब तो हमारा संसार उजड़ गया है। गौरव की मौत के बाद हम पति पत्नी पूरी तरह से टूट चुके है।