सोनम वांगचुक ने बुधवार शाम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से एक वीडियो मैसेज जारी किया। सोनम ने कहा- अनशन को 25 दिन बीत गए हैं लेकिन अभी तक जिंदा हूं। कुछ सांसद मुझसे मिलने आए, उन्होंने भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘मुझे अगर सरकार की तरफ से भरोसा मिले तो मै आज ही अनशन खत्म करने को तैयार हूं। बस सरकार छात्रों के खिलाफ कार्रवाई न करे।’
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल रहे वांगचुक को 18 जुलाई को जंतर-मंतर से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। मंगलवार को कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया है। यहीं उनका इलाज चल रहा है।
इससे पहले 15 विपक्षी सांसद उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। 55 विपक्षी सांसदों ने वांगचुक को पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की है। इनमें आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल , समाजवादी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के सांसद शामिल हैं।
कॉकरोच प्रदर्शन को लेकर आज के 5 बड़े अपडेट्स…
- अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को उनकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी का शांतिपूर्ण प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
- केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली में तैनात करने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर करीब 2000 जवानों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से एयरलिफ्ट कर लाया गया।
- दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के कारण 16 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए थे। हालांकि शाम को सभी स्टेशन खोल दिए गए।
- दिल्ली पुलिस ने CJP के प्रदर्शन के दौरान RAF के एक जवान पर हमले के मामले में FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी RAF जवान के साथ मारपीट करते, RAF के वाहन पर पथराव करते और उसमें तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
- दिल्ली हाईकोर्ट में स्टूडेंट्स से मारपीट के मामले में अर्जी पर सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने सरकार से कहा- मारपीट के CCTV फुटेज सुरक्षित रखे जाएं।