चंडीगढ़-लुधियाना समेत 5 जगह CBI की रेड:बैंक फ्रॉड मामले में कार्रवाई, ड्राइव-रिकॉर्ड जब्त; CSCL के पूर्व कर्मचारी से जुडे़ लोग रडार पर

चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (CSCL) और नगर निगम के बैंक खातों से पैसों की हेराफेरी के मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने गुरुवार को चंडीगढ़ और लुधियाना में कुल 5 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें CSCL के पूर्व कर्मचारी अनुभव मिश्रा के कथित फर्जी लेनदेन से लाभ उठाने वाले संदिग्धों के आवास, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और जांच से जुड़ी निजी कंपनियां शामिल हैं।

रेड में क्या-क्या बरामद हुआ?

सीबीआई की टीमों ने छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इनमें स्टोरेज ड्राइव, डिजिटल सिग्नेचर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और बैंक लेन-देन के रिकॉर्ड शामिल हैं। जब्त किए गए सभी डिजिटल और कागजी रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।

क्या है पूरा घोटाला

यह मामला IDFC फर्स्ट बैंक (सेक्टर-32, चंडीगढ़) से जुड़े एक बड़े बैंकिंग फ्रॉड से संबंधित है। आरोप है कि फर्जी एफडी और शेल कंपनियों के माध्यम से हरियाणा सरकार के 8 अलग-अलग विभागों के करीब 504 करोड़ रुपये के सरकारी फंड की हेराफेरी की गई।

जांच के अनुसार, कथित तौर पर फर्जी या गैर-मौजूद एफडी और फर्जी डेबिट ट्रांजैक्शन के जरिए यह रकम शेल कंपनियों में ट्रांसफर की गई। हरियाणा सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने इस मामले की जांच हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से अपने हाथ में ली थी।