पंचकूला पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद:पूर्व मंत्री धनखड़ के आवास पर स्वागत, राज्यपाल और मंत्री भी रहे शामिल

भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को सुबह पंचकूला पहुंचे। इस दौरान वे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ के अमरावती स्थित आवास पर पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ओमप्रकाश धनखड़ ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

पूर्व राष्ट्रपति के आगमन पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष भी धनखड़ के आवास पहुंचे। उनके साथ प्रदेश सरकार के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी मौजूद रहे।

विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा

इस अवसर पर भाजपा और प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई वरिष्ठ नेता भी धनखड़ के आवास पर पहुंचे। इनमें हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला की मेयर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे।

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के सम्मान में आयोजित इस मुलाकात के दौरान नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। आवास पर पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मीय माहौल देखने को मिला और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का वातावरण रहा।