मैं चाहता हूं मेरी आत्मा भटकती रहे:पत्नी को लाश छूने मत देना…लिखकर 52 साल के क्लर्क ने सहारनपुर में गोली मारकर जान दी

यूपी के सहारनपुर में 52 साल के डिग्री कॉलेज के क्लर्क ने सुसाइड कर लिया है। शनिवार शाम 7 बजे घर में तमंचे से खुद को गोली मार ली। आवाज सुनकर पत्नी दौड़कर पहुंची। देखा तो वह खून से लथपथ पड़े थे। उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

सुसाइड से पहले क्लर्क ने अपनी भांजी को वॉट्सऐप पर मैसेज टाइप करके भेजा था। लिखा- अब अपमान सहन नहीं होता। बार-बार मरने से बेहतर है कि एक ही बार मर जाऊं। कायर नहीं हूं, लेकिन अपमान ने आत्मा को अंदर से मार दिया है। मेरी लाश को पत्नी को छूने न दिया जाए।

उन्होंने लिखा- मेरे अंतिम संस्कार में उपलों का इस्तेमाल न किया जाए। इसमें ज्यादा पैसे भी खर्च नहीं करना। आत्मा की शांति के लिए कोई धार्मिक कार्यक्रम न किया जाए। मैं चाहता हूं कि मेरी आत्मा भटकती रहे। तुम अपनी मां का ख्याल रखना। घटना शहर से 30 किमी दूर सरसावा थाना क्षेत्र की है।

बड़ा बेटा दुबई और छोटा चंडीगढ़ में रहता है

देवदत्त शर्मा (52) रेलवे रोड के रहने वाले थे। 2 भाई-बहनों में बड़े थे। बहन की शादी हो चुकी है। माता-पिता की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। 33 साल पहले सीमा रानी (49) से शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अभिषेक दुबई में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा आदित्य चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहा है।

26 साल से जिम चला रहे थे, क्लर्क की नौकरी भी करते थे

देवदत्त साल 2000 से घर के पीछे ‘रॉक जिम’ नाम का जिम चला रहे थे। पिछले 2 साल से शहर के बालाजी ग्रुप ऑफ कॉलेज में क्लर्क की नौकरी कर रहे थे। उन्हें 17 हजार रुपए सैलरी मिलती थी। कॉलेज से लौटने के बाद जिम चलाते थे। देवदत्त ने तिलक राम सैनी गर्ल्स कॉलेज और इलामचंद सनी गर्ल्स कॉलेज में भी नौकरी की थी।

पड़ोसी बोले- पत्नी चिल्लाई तो वारदात का पता चला

पड़ोसी सुशील ने बताया कि शनिवार शाम को देवदत्त शर्मा जिम गए थे। पत्नी ने बताया कि शाम 7 बजे जिम से घर पहुंचे और तमंचा सटाकर गोली मार ली। इसके बाद उनकी पत्नी सीमा चिल्लाती हुई जिम में आईं। मैं दौड़कर अंदर गया तो देवदत्त फर्श पर गिरे थे। उन्हें गोली लगी थी। बगल में तमंचा पड़ा हुआ था। फिर हम लोग कार से उन्हें अस्पताल ले गए। वहां उनकी मौत हो गई।

वारदात की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा पुलिस-फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत लिए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीओ पवन कुमार ने बताया-
शुरुआती जांच में सुसाइड का मामला लग रहा है। छानबीन में सुसाइड नोट का पता चला है, जिसे मरने वाले शख्स ने अपने रिश्तेदार को भेजा था। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। पत्नी और परिवार से पूछताछ की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।