अयोध्या मेडिकल कॉलेज में एक छात्र के पास से बम बनाने के तरीके लिखी एक पर्ची मिली है। इसमें लिखा है- बड़ा धमाका, हालैंड हॉल। साथ ही कई सारे केमिकल फॉमूले और उनके डायग्राम भी बने हैं। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस ने शनिवार सुबह 11 बजे छात्र को हिरासत में ले लिया।
छात्र ने पुलिस को बताया कि वो रात में ड्यूटी के दौरान लैपटॉप पर फिल्म देख रहा था। फिल्म में बम बनाने का तरीका सिखाया जा रहा था। उसी तरीके को उसने पर्ची में नोट कर लिया था।
वहीं, पुलिस जांच में सामने आया कि पर्ची में बम बनाने के तरीके से लेकर विस्फोटक उपकरणों की संरचना, आकार और उसकी तीव्रता के बारे में काफी गहन रिसर्च के नोट्स लिखे हैं। फिलहाल छात्र को अयोध्या पुलिस लाइन ले जाया गया है। वहां उससे एसओजी, एसटीएफ स्पेशल ब्रांच और आईबी के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
पर्ची में लिखा है- बड़ा धमाका, बम बनाने का केमिकल फॉर्मूला
बलरामपुर का रहने वाला सरफराज अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन (पैरामेडिकल) फर्स्ट ईयर का छात्र है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। सरफराज मेडिकल कॉलेज के पास एक हॉस्टल में रहता है।
एक्स-रे लैब में सरफराज की ड्यूटी रात 10 से लेकर सुबह 8 बजे तक रहती है। शुक्रवार (31 जुलाई) रात सरफराज के साथ अभिषेक और सुभाष की भी ड्यूटी लगी थी। तीनों की ड्यूटी सुबह 8 बजे खत्म होने के बाद सफाईकर्मी लैब की सफाई करने पहुंचे। वहां उन्हें एक पर्ची मिली।
उन्होंने पर्ची सुबह ड्यूटी पर आए स्टाफ को दे दी। स्टाफ ने देखा कि पर्ची में बम बनाने की विधि, केमिकल फार्मूला, बड़ा धमाका और उसका रिएक्शन समेत कई जानकारी लिखी हैं। इसके बाद स्टाफ ने यह बात पुलिस को बताई।
छात्र से कई पॉइंट्स पर हुई पूछताछ
मौके पर पहुंची पुलिस को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पर्ची और बरामद सामग्री सौंप दी। फिर दर्शन नगर चौकी प्रभारी बृजभूषण पाठक ने सरफारज को बुलाकर हिरासत में लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस लाइन ले गई। वहां एसओजी, एसटीएफ स्पेशल ब्रांच और आईबी के अधिकारियों ने सरफराज से पूछताछ की।
सरफराज ने बताया- मुझे शुक्रवार रात नींद नहीं आ रही थी। इसीलिए मैं अपने लैपटॉप में फिल्म भगत सिंह देख रहा था। उसमें बम बनाने का तरीका सिखाया गया है। मैंने भी उस तरीके को सीखने की कोशिश की। लेकिन, तब तक मुझे नींद आ गई और मैं सो गया था। इसके बाद वो पर्जी इन लोगों के हाथ गई।
पुलिस ने सरफराज के साथ ड्यूटी कर रहे अभिषेक को भी हिरासत में लिया है। तीसरा छात्र सुभाष, जो सुल्तानपुर का रहने वाला है, शनिवार सुबह अपने गांव चला गया।
मामले की जानकारी मिलते ही कई जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। छात्र से कई पॉइंट्स पर पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने पर्ची क्यों बनाई? इसके पीछे उसका क्या मकसद था? पर्ची पर केमिकल फॉर्मूला और रिसर्च कहां से लिखी थी?
फिलहाल, पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।