जयपुर में शराब पार्टी के दौरान फायरिंग:कहासुनी होने पर दोस्त पर किया फायर, फॉर्च्यूनर गाड़ी में जाकर लगी गोली, बाल-बाल बचा युवक

जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। सभ्यता फार्म के पास स्थित लक्की ढाबे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष ने अपने ही दोस्त की कार पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और कार में जा धंसी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दौलतपुरा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित राजेन्द्र मीणा निवासी दौलतपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार वह अपने दोस्तों आयरन मीणा और अन्य साथियों के साथ लक्की ढाबे पर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आयरन मीणा और उसके साथियों ने हथियार से फायर कर दिया। गोली उसे नहीं लगी, बल्कि उसकी कार में जा लगी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। वारदात देर रात करीब डेढ़ बजे बाद हुई।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार सुबह घटनास्थल पर एफएसएल की टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।