कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का प्रयागराज के जिस केपी ग्राउंड में 8 अगस्त को कार्यक्रम होना है, उसकी बुकिंग अचानक रद्द कर दी गई है। यह ग्राउंड केपी ट्रस्ट यानी कायस्थ पाठशाला का है।
ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेन्द्र नाथ सिंह ने बुधवार को शहर कांग्रेस कमेटी के नाम एक लेटर जारी किया। कहा- कार्यक्रम से 2 स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई छूटेगी। मैदान भी खराब हो जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारी अपने अंतिम चरण में थी। पंडाल बनने लगे थे। अचानक बुकिंग रद्द होने से कांग्रेस नेताओं में खलबली मच गई है। केंद्रीय कांग्रेस कमेटी की लीगल टीम प्रयागराज में है। वह ट्रस्ट पदाधिकारियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर रही है।
राहुल 8 अगस्त को करीब 3 लाख छात्रों से सीधी बात करेंगे। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से शुरू होना है।
ट्रस्ट ने कहा- बारिश के बाद कार्यक्रम करिए या टोकन मनी वापस ले जाइए
ट्रस्ट अध्यक्ष चौधरी जितेन्द्र नाथ सिंह ने बताया- हाईकोर्ट का आदेश है कि छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों में किसी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए। ऐसी बात मुझे खुद कॉलेज प्रिंसिपल ने बताई है।
राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम से दो विद्यालयों के छात्र प्रभावित हो सकते हैं। मैदान आउटडोर खेलों के लिए है और लगातार बारिश के कारण उसकी स्थिति खराब हो सकती है। यदि मैदान खराब हुआ तो उसे ठीक करने में समय और परेशानी दोनों बढ़ेंगे। इसलिए कार्यक्रम की तारीख बारिश के बाद छुटि्टयों में रखने का सुझाव दिया गया है।
इन कारणों का हवाला देते हुए पहले जारी की गई अनुमति निरस्त कर दी गई है। साथ ही कांग्रेस द्वारा जमा कराई गई धनराशि कार्यालय से वापस लेने को कहा गया है।
केपी ट्रस्ट ने लेटर की कॉपी जिलाधिकारी, महामंत्री कायस्थ पाठशाला, चौधरी नौनीहाल सिंह एकेडमी और अकाउंटेंट को भी भेजी गई है। अकाउंटेंट को निर्देश दिया गया है कि मैदान की सफाई और लेवलिंग के लिए जमा धनराशि चेक के माध्यम से जल्द वापस कर दी जाए।