बदनावर हादसा; 6 युवकों का देर रात किया पोस्टमार्टम:शव गुजरात भेजे गए, 5 विवाहित थे; एक की चार माह बाद थी शादी

उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर रविवार को पंचकवासा गांव के पास हुए सड़क हादसे में गुजरात के छह युवकों की मौत हो गई। इन सभी शवों का पोस्टमार्टम रविवार रात करीब 10:30 बजे तक सिविल अस्पताल बदनावर में किया गया। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे दो एंबुलेंस से शवों को गुजरात रवाना किया गया। ये सभी युवक उज्जैन से दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे।

देर शाम परिजन पहुंचे

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद करीब दो घंटे तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में दुर्घटनाग्रस्त कार के नंबर और युवकों के मोबाइल फोन पर आए कॉल के आधार पर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई।

पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद देर शाम तक सभी मृतकों के परिजन बदनावर पहुंच गए थे। इसके उपरांत आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

इनकी हुई मौत

मृतकों की पहचान विशाल परमार (30, निवासी बुरखाल, पंचमहल), विमल कुमार सोलंकी (33, निवासी गोधरा), दीपक कुमार बारिया (26, निवासी अंगालिया देहरा फलिया, पंचमहल), राकेश कुमार मकवाना (26, निवासी गोधरा), परेश कुमार परमार (29, निवासी रतनपुर काटकी, पंचमहल) और मितेश उर्फ मयूर चौहान (23, निवासी गोधरा) के रूप में हुई है।

पांच युवक थे शादीशुदा

हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों में से पांच विवाहित थे। इनमें से कुछ की शादी को तीन महीने हुए थे, जबकि कुछ की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। एक युवक की शादी चार माह बाद होने वाली थी।

ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज

बदनावर थाना टीआई अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि चौकीदार अशोक पिता भेरूलाल बारदेव, निवासी पंचकवासा की रिपोर्ट पर ट्रॉला (ट्रेलर) क्रमांक GJ39TB9248 के चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।