अजमेर में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग:महिला की आंखों पर हाथ रखकर सोने की चेन तोड़ भागा बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

अजमेर के क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने (स्नेचिंग) की वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

क्रिश्चियन गंज निवासी रेनू रोबिन्सन ने बताया कि वह स्कूल से घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में मुँह पर कपड़ा बाँधे एक युवक उनके पास आया। बदमाश ने अचानक पीछे से उनकी आँखों पर हाथ रखकर उन्हें बंद कर दिया और गले में पहनी सोने की चेन तोड़कर भाग गया।

पीड़िता के अनुसार, वारदात के तुरंत बाद जब उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया, तो आसपास के लोग वहाँ एकत्र हो गए। लेकिन तब तक चेन लुटेरा अपनी बाइक पर बैठकर भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।