मथुरा में कीटनाशक दवाओं के गोदाम पर छापा:गुजरात ATS ने की कार्यवाही, एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ

मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र की नंदगांव पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब के ठेके के पीछे स्थित एक गोदाम में कथित तौर पर कीटनाशक दवा तैयार किए जाने की सूचना पर बुधवार की देर रात गुजरात पुलिस ने छापा मारा। मथुरा पुलिस और औषधि विभाग की टीम के साथ हुई इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देर रात तक गोदाम में जांच और दस्तावेजों की पड़ताल चलती रही।

गुजरात पुलिस को मिली थी सूचना

गुजरात पुलिस को सूचना मिली थी कि गोदाम में गुजरात की एक कंपनी के नाम पर कथित रूप से कीटनाशक दवा तैयार की जा रही है। सूचना के बाद गुजरात पुलिस की टीम मथुरा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया। मथुरा के औषधि निरीक्षक प्रेम पाठक भी टीम के साथ मौजूद रहे। टीम ने गोदाम में रखी दवाओं, दवा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की।

5 घंटे तक चली कार्यवाही

कार्रवाई के दौरान गोदाम से जुड़े मोहन श्याम फोरमैन को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गोदाम में किस कंपनी के नाम पर कौन सी दवा तैयार की जा रही थी और उसके लिए जरूरी लाइसेंस एवं अनुमति मौजूद थी या नहीं। देर रात तक चली कार्रवाई के चलते आसपास के इलाके में भी हलचल बनी रही। नंदगांव चौकी पुलिस मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

संयुक्त टीम कर रही जांच

फिलहाल गुजरात पुलिस, मथुरा पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि गोदाम में तैयार की जा रही कीटनाशक दवा मानकों के अनुरूप थी या कथित तौर पर नकली दवा तैयार करने का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।