जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से तैयार किए गए 472 फ्लैट विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतु समुदाय के परिवारों को निशुल्क आवंटित किए गए। जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित फ्लैट आवंटन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लाभार्थी परिवारों को फ्लैट की चाबी सौंपी। इस दौरान बड़ी संख्या में विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतु समुदाय के परिवार मौजूद रहे।
इन फ्लैट में एक रूम, हॉल, किचन और बाथरूम की सुविधा है। JDA की ओर से जयसिंहपुरा में इन आवासों का निर्माण किया गया है। फ्लैट मिलने के बाद अब 472 परिवारों को अपना स्थायी आवास मिल सकेगा।
समारोह में नगरीय स्वायत्त शासन एवं विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी मौजूद रहे।
खर्रा बोले- अपने जीवन को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा
नगरीय स्वायत्त शासन एवं विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आवास मिलने वाले परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा- आज जिन परिवारों को आवास आवंटित किए जा रहे हैं, उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। उम्मीद है कि ये परिवार अपने नए आवास में रहकर अपने जीवन को आगे बढ़ाएंगे। अपने बच्चों को सुशिक्षित करेंगे और आने वाली पीढ़ी को संस्कारित करने में सफलता हासिल करेंगे।
स्थायी आवास से बदलेगी परिवारों की जिंदगी
फ्लैट आवंटन के दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थी परिवार मौजूद रहे। आवास की चाबी मिलने के बाद परिवारों में खुशी का माहौल नजर आया। सरकार और JDA की इस पहल से ऐसे परिवारों को स्थायी आवास मिला है, जो लंबे समय से आवास की जरूरत महसूस कर रहे थे। अब इन परिवारों को जयपुर के जयसिंहपुरा में बने फ्लैट में रहने की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- आज से 10 से 12 साल पहले दुर्गादास जी ने यह काम शुरू किया था। उन्होंने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी समाज में ऐसे लोगों पर ध्यान नहीं दिया गया। इस प्रदेश में सबसे ज्यादा राज करने वाले लोगों ने भी इनकी ओर ध्यान नहीं दिया। अगर किसी ने ध्यान दिया है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं के जरिए दिया है। इन योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना है।
CM ने कहा कि हमारी सरकार के पहले बजट में ही हमने घोषणा की थी कि हम ऐसे लोगों को आवास भी देंगे, पट्टा भी देंगे। ऐसे लोगों को रोजगार करने के अवसर मिलें, इसके लिए हमने ब्याज और अनुदान देने का भी प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की न्यायिक यात्रा में आज स्वर्णिम अध्याय शुरू हुआ है।
फ्लैट में ये सुविधाएं
JDA की ओर से तैयार किए गए प्रत्येक फ्लैट में एक रूम, हॉल, किचन और लेट-बाथ की सुविधा दी गई है। 472 परिवारों को ये फ्लैट निशुल्क आवंटित किए गए हैं।