VHP के राष्ट्रीय महामंत्री बोले- CJP आंदोलन में हत्यारे-बलात्कारी थे:जंतर-मंतर पर ‘जेन-जी’ नहीं था; पंजाब में विदेशी फंडिंग से गरीब सिखों का धर्मांतरण

दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को लेकर विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। परांडे ने कहा कि इस आंदोलन में करीब 2,800 हिस्ट्रीशीटर, 60 हत्यारे और 100 से ज्यादा बलात्कारी शामिल थे। ऐसे लोगों की मौजूदगी वाले आंदोलन को छात्रों या ‘जेन-जी’ का आंदोलन बताना सही नहीं है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में गरीब सिखों का विदेशी फंडिंग के जरिए धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इन्हें ईसाई बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। वह रविवार रात पठानकोट पहुंचे हुए थे, जहां उन्होंने मीडिया से बात की।

VHP नेता मिलिंद परांडे की 4 अहम बातें

  • जंतर-मंतर आंदोलन में हिस्ट्रीशीटर शामिल हुए: पत्रकारों से बातचीत में परांडे ने कहा कि जंतर-मंतर के आंदोलन में करीब 2,800 हिस्ट्रीशीटर, 60 हत्यारे और 100 से अधिक बलात्कारी शामिल थे। ऐसे अपराधियों की भीड़ को छात्रों या ‘जेन-जी’ (Gen-Z) का प्रतिनिधित्व नहीं कहा जा सकता।
  • पंजाब में धर्मांतरण और विदेशी फंडिंग: मिलिंद परांडे ने कहा कि पंजाब में विदेशी धन के जरिए सिख समुदाय और गरीब वर्ग के लोगों को कथित तौर पर छल-कपट से ईसाई बनाने की कोशिशें हो रही हैं। अवैध विदेशी फंडिंग के जरिए होने वाले धर्मांतरण पर रोक लगाने में केंद्र सरकार का संशोधित फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) प्रभावी साबित होगा।
  • सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंदू आबादी का संतुलन बिगड़ रहा: परांडे ने बांग्लादेशी और म्यांमार के अवैध घुसपैठियों, ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंदू आबादी के संतुलन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने पठानकोट और पंजाब के लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
  • धार्मिक यात्राओं में देश का असली युवा: उन्होंने कहा कि भारत का असली युवा जंतर-मंतर के आंदोलनों में नहीं, बल्कि वैष्णो देवी, बूढ़ा अमरनाथ, कांवड़ यात्रा, अयप्पा मंदिर और स्वर्ण मंदिर में श्रद्धा के साथ दर्शन करने पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ही भारत का विभाजन और लाखों लोगों का विस्थापन हुआ था; वैसी परिस्थितियां दोबारा न बनें, इसके लिए हर देशभक्त नागरिक को सजग रहना होगा।