बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) मंत्री और महुआ विधायक संजय कुमार सिंह और तेजप्रताप के बीच तकरार बढ़ गई है। मंत्री की तरफ से लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ रुपए का मानहानि का नोटिस भेजा है।
मंत्री के वकील सुशील कुमार की ओर से 30 अगस्त 2026 को जारी नोटिस में तेज प्रताप यादव की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगाए गए आरोपों को झूठ बताया गया है।
मंत्री की ओर से कहा गया है कि तेजप्रताप सात दिनों के अंदर संबंधित पोस्ट को हटाएं, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें और भविष्य में इस तरह की टिप्पणी दोबारा न करने का लिखित आश्वासन दें।
महिला कर्मचारी से अभद्र व्यवहार का लगाया था आरोप
दरअसल, यह पूरा विवाद तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ। तेज प्रताप ने आरोप लगाया था कि मंत्री संजय कुमार सिंह ने दिल्ली दौरे के दौरान एक बड़े होटल में एक महिला कर्मचारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और उसके साथ शोषण का प्रयास किया।
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में इस मामले को गंभीर बताते हुए सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। उन्होंने यह भी दावा किया था कि मामले को दबाने और रफा-दफा करने के लिए कथित तौर पर 25 लाख रुपये का लेन-देन किया गया
तेजप्रताप बोले- शेर का बेटा हूं, डरने वाला नहीं
होटल कांड को लेकर तेजप्रताप ने मंत्री पर आरोप लगाए थे। जिस पर मंत्री ने कहा था कि अगर कोई माई का लाल सबूत दे देगा तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा। इस पर तेजप्रताप ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि मैं शेर का बेटा हूं, डरने वाला नहीं। हर कोई माई का लाल ही होता है। मंत्री हैं तो घर आकर बात कर लें। मैं सच्चाई सामने लाकर रहूंगा।
‘दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकिए’
मानहानि नोटिस में तेज प्रताप यादव को संबोधित करते हुए कहा गया है कि जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए। नोटिस के जरिए यह संदेश दिया गया है कि दूसरों पर गंभीर आरोप लगाने से पहले तेज प्रताप को अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
नोटिस में ऐश्वर्या, अनुष्का, निशु, मोनिका सहित कई नामों का उल्लेख करते हुए पूछा गया है कि इनसे जुड़े सवालों पर तेज प्रताप की क्या सफाई है और इन मामलों में कथित रूप से न्याय की मांग कर रही महिलाओं को न्याय कब मिलेगा।