बिहार: बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, दो लाख रुपये लूटने का आरोप; दोनों पैरों में लगी गोली

वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उसके पास से दो लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। वारदात उस समय हुई जब युवक सकरा बाजार से अपना काम पूरा कर घर लौट रहा था और रास्ते में लघुशंका के लिए रुका था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक के दोनों पैर घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल युवक को तत्काल स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिलाया और इसके बाद बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के दोनों पैरों में गोली लगी है। हालांकि समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का फर्द बयान दर्ज करने में जुट गई।
पेशाब करने के लिए रुका, तभी बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग
घायल युवक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र निवासी विजयवाला कुमार ठाकुर के पुत्र धनराज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में धनराज कुमार ने बताया कि वह सकरा बाजार से अपना काम पूरा करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बलिगांव थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव के पास वह लघुशंका के लिए रुक गया।धनराज के अनुसार, इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे अकेला पाकर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सका। फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगने के बाद वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। हालांकि, ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि गोली मारने के बाद अपराधियों ने उसके पास मौजूद दो लाख रुपये नकद लूट लिए और भाग गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद घायल युवक का फर्द बयान दर्ज किया गया। मामले में पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों समेत कुल चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।