‘वह बिल्कुल वैसे हैं, जैसा सब कहते हैं’, शाहरुख को लेकर बोले अक्षय ओबेरॉय; साझा किया ‘किंग’ के सेट का किस्सा

हाल ही में अभिनेता अक्षय ओबेरॉय यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ में टोनी नाम के गैंगस्टर के रोल में नजर आए। उन्होंने इसे अपने करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बताया। वह जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं। उन्होंने ‘किंग’ के सेट पर शाहरुख खान से हुई मुलाकात के बारे में बताया है।

शाहरुख को लेकर क्या बोले अक्षय?
अक्षय ओबेरॉय ने ‘किंग’ के लिए अभी तक शाहरुख के साथ स्क्रीन शेयर नहीं की है, मगर वह कहते हैं कि दोनों सेट पर साथ समय बिताते रहे हैं। अभिनेता ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा ‘दुर्भाग्य से हमने साथ में कोई सीन नहीं किया है। मगर वह शूटिंग न होने पर भी सेट पर आते हैं। वह बिल्कुल वैसे ही हैं, जैसा सब कहते हैं। वह बहुत दयालु और अच्छे इंसान हैं। पांच मिनट में ही वह आपसे ऐसे बात करने लगते हैं जैसे आप उनके दोस्त हों। यह उनके स्वभाव में है। ऐसा नहीं है कि वह दिखावा कर रहे हैं। इतने वर्षों तक कोई दिखावा नहीं कर सकता।’
सिद्धार्थ आनंद के साथ काम करने को उत्साहित अक्षय
अक्षय ओबेरॉय ‘किंग’ के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के साथ काम करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। वह जोश के साथ कहते हैं, ‘मुझे इंडस्ट्री के अपने पसंदीदा लोगों, सिद्धार्थ आनंद और ममता आनंद (निर्माता) के साथ फिर से काम करने का मौका मिला। मैं उस इंसान के लिए कुछ भी कर सकता हूं। उन्होंने मुझ पर बहुत भरोसा किया। मैं ‘टॉक्सिक’ में उन्हीं की वजह से हूं क्योंकि गीतू मोहनदास ने मुझे ‘फाइटर’ (2024) में देखा था। छोटी फिल्मों में वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने मुझे मेनस्ट्रीम पहचान दिलाई। मुझे नहीं पता कि मैं इस जिंदगी में कभी उनका यह एहसान चुका पाऊंगा या नहीं।’

अक्षय को मिलने लगी बड़ी फिल्में
‘टॉक्सिक’ के बाद ‘किंग’ जैसी बड़ी फिल्म में काम करने को लेकर अक्षय ओबेरॉय ने कहा, ‘मैंने इंडस्ट्री के सबसे बड़े लोगों के साथ काम किया है और हर तरह की फिल्में की हैं। यह साल मेरे लिए सबसे ज्यादा सीखने वाला रहा है। मैं लंबे समय से काम कर रहा हूं, मगर अब मुझे बड़ी फिल्में मिल रही हैं। मेरे अंदर धन्यवाद कहने और तारीफ करने का भाव बढ़ा है।’

‘किंग’ के बारे में जानकारी

  • फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी।
  • यह शाहरुख खान और उनकी बेटी सुहाना खान की साथ में पहली फिल्म है।
  • इसमें शाहरुख एक खतरनाक हत्यारे की भूमिका में नजर आ सकते हैं, जबकि सुहाना उनकी शिष्या बनकर ट्रेनिंग लेती नजर आएंगी।
  • इसमें दीपिका पादुकोण अहम किरदार में होंगी।
  • अभिषेक बच्चन इसमें खलनायक की भूमिका निभा सकते हैं।
  • फिल्म की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका और अन्य जगहों पर हुई है।
  • इसमें अनिल कपूर, रानी मुखर्जी जैसे कई बड़े कलाकार नजर आ सकते है।
  • यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।