बीकानेर में बाइक पर जा रहे तीन चचेरे भाइयों की एक्सीडेंट में मौके पर ही मौत हो गई। तीनों बीकानेर शहर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा जोधपुर हाईवे पर पलाना और उदयरामसर के बीच गंगाशहर थाना इलाके में रात करीब 1 बजे हुआ।
पुलिस ने शव PBM हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर वाहन और उसके ड्राइवर का पता लगाने में जुटी है।
राहगीर ने पुलिस को सूचना दी
गंगाशहर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई ने बताया- स्वरूपदेसर निवासी चन्दाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग की मौत हुई है। तीनों चचेरे भाई थे। हादसे के वक्त सड़क पर कोई ऐसा व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसने टक्कर मारने वाले वाहन को देखा हो।
हादसे के बाद रास्ते से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने गंगाशहर पुलिस को सूचना दी। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हादसे में गलती किसकी थी, क्योंकि बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो चुकी है। स्वरूपदेसर में परिजनों को सूचना दे दी गई, जिसके बाद वे PBM अस्पताल पहुंच गए।