मोतिहारी में भैंस नहलाने के दौरान गिरे पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकूबाजी में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव की है।
मृतकों की पहचान जमी अख्तर(36) और मदीना खातून(40) के रूप में हुई है। वहीं, मसीह अख्तर का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है, उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
बीच-बचाव करने गई पत्नी और भाई की हत्या
10 साल के रहमतुल्लाह ने घटना के बारे में बताया। उसने कहा, “मैं स्कूल में था तभी गांव के एक लड़के ने बताया कि पुलिस मेरे पापा को पकड़ रही है। मैं भागकर घर आया तो पुलिस ने सबको समझाकर छोड़ दिया।
शाम को पापा घर पर ही थे, तभी संजय सिंह और उसका बेटा आकाश कुछ लोगों को साथ लेकर आए। उनका पापा से विवाद हुआ और अचानक पिता पर चाकू से हमला कर दिया। पापा को बचाने चाचा और अम्मी गईं तो उन पर भी चाकू से वार कर दिया गया। तीनों वहीं गिर गए। वहां बहुत लोग थे लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की।”
पानी के गिरने को लेकर हुआ था विवाद
घटना के संबंध में मृतक की भाभी नगमा खातून ने बताया कि उनके पास अपनी जमीन नहीं है। वे डाकबाबू की जमीन पर रहते हैं। सुबह उनके भसुर मसीह अख्तर सड़क पर भैंस नहला रहे थे, जिसका पानी अनिल सिंह के घर की तरफ जा रहा था।
इसी बात पर अनिल सिंह आकर गाली-गलौज करने लगा। हाथापाई हुई, जिसे लोगों ने शांत कराया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाया कि वहां पाइप लगा लें ताकि विवाद खत्म हो जाए। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए।
नगमा ने बताया कि शाम को जब वे घास लेकर घर आईं तो अनिल सिंह कई लोगों के साथ खड़ा था। पूछने पर अनिल सिंह ने कहा कि मसीह अख्तर ने उसका गला पकड़कर पटक दिया था।
नगमा ने अनिल सिंह से कहा कि पहले तो वह खुद ही आए थे, और क्या वह उसकी हत्या कर देगा। इतना कहकर वह घर की तरफ चली गईं। तभी शोर हुआ कि अनिल सिंह ने चाकू मार दिया है। आकर देखा तो उनके देवर, भसुर और देवरानी खून से लथपथ पड़े थे।
परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां जमी अख्तर और मदीना खातून को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मसीह अख्तर का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है, उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि जमी अख्तर मजदूरी कर प्लाई फैक्ट्री में काम कर घर का खर्च चलाता था और तीन बच्चों को पढ़ा रहा था। मदीना खातून के पांच बच्चे हैं। दोनों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
पुलिस ने 2 लोगों को लिया हिरासत में
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी डीएसपी अभिषेक कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।