चंडीगढ़ में युवक पर चाकू से हमला:5 युवकों ने फोन छीना, गर्दन-पेट और पीठ पर वार किए; पिता बोला- सरेआम नशा बिकता है

चंडीगढ़ के आईटी पार्क में पांच युवकों ने एक अन्य युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उसका मोबाइल फोन छीना। बाद में चाकू से कई वार किए। हमले में युवक की गर्दन, पेट और पीठ के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।

घायल को इलाज के लिए PGI में भर्ती कराया गया है। घायल हाईकोर्ट में वकील के पास मुंशी का काम करता है। पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं पिता का कहना है कि यहां नशा सरेआम बिकता है।

अब पढ़ें घायल के पिता ने क्या बताया…

  • घायल हाईकोर्ट में वकील के पास मुंशी: घायल की पहचान न्यू इंदिरा कॉलोनी निवासी समीर के रूप में हुई है। घायल समीर के पिता विनोद कुमार ने बताया कि उनका बेटा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक वकील के पास मुंशी का काम करता है। बुधवार शाम समीर अपनी मां को यह कहकर घर से निकला था कि वह थोड़ी देर घूमकर वापस आ जाएगा। पिता के अनुसार, समीर पहले भी आईटी पार्क इलाके में जाता रहता था।
  • पहले फोन छीना, काफी देर बाद वापस किया: विनोद कुमार ने बताया कि आईटी पार्क में कुछ युवक बैठे हुए थे। युवकों ने समीर का मोबाइल फोन छीन लिया। काफी देर बाद उसका फोन वापस कर दिया गया। इसके बाद समीर ने युवकों से कहा कि वे यहां नशा करते हैं और वह इसकी सूचना पुलिस को देगा। इसी बात पर पांच युवक भड़क गए।
  • पांचों युवकों ने समीर को पकड़ लिया: पिता का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर पांचों युवकों ने समीर को पकड़ लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। समीर ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन पांचों युवकों ने उसे पकड़ लिया।
  • पेट और पीठ के निचले हिस्से पर गंभीर चोटें आईं: हमले में समीर की गर्दन, पेट और पीठ के निचले हिस्से पर गंभीर चोटें आईं। आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। इसके बाद घायल समीर को इलाज के लिए PGI में भर्ती कराया गया।
  • पिता बोले- बाहर निकलने से भी लगता है डर: घायल समीर के पिता विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि IT पार्क और उसके आसपास के इलाके में अक्सर नशेड़ी युवक घूमते रहते हैं। उनके मुताबिक, कई युवक सरेआम नशा करते दिखाई देते हैं, जिससे इलाके के लोगों में डर का माहौल है। अब घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है।
  • जानकारी मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं: पिता ने कहा कि पता नहीं कब कोई युवक किसी का मोबाइल या सामान छीन ले, मारपीट कर दे या हमला कर दे। विनोद कुमार का आरोप है कि इलाके में नशा करने वाले युवकों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को भी दी गई है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

पहले भी सामने आए नशे में युवकों के मामले

आईटी पार्क थाना क्षेत्र में नशे की हालत में युवकों के वीडियो और मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इससे पहले 3 युवकों के नशे की हालत में झूमने का मामला सामने आया था। इनकी हालत को लेकर लोगों ने इसे ‘जोंबी ड्रग्स’ से जोड़कर भी चर्चा की थी।

एरिया पार्षद सुमन देवी ने वायरल किया था वीडियो

इन युवकों का वीडियो एरिया पार्षद सुमन देवी ने वायरल किया था। सुमन देवी नगर निगम की डिप्टी मेयर भी हैं। उन्होंने लोगों की एक बैठक के दौरान सरेआम पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे और कहा था कि इलाके में युवक नशे की हालत में घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।

इस बैठक में डीएसपी रामगोपाल और आईटी पार्क थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मिनी भारद्वाज भी मौजूद थीं। पार्षद ने बैठक में कहा था कि इलाके में सरेआम युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं और इस पर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।