सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र के गांव मोबाइल की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान की छत उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखे 30 हजार रुपए कैश के अलावा करीब 25 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।
चोरी किए गए मोबाइल फोन की कीमत दुकानदार के अनुसार करीब 1 से 1.5 लाख रुपए है। वारदात के बाद चोर दुकान में लगे CCTV कैमरे भी उखाड़कर ले गए, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। दुकानदार को सुबह घटना का पता चला तो उसने मामले की सूचना थाना खरखौदा पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत उखाड़कर दुकान में घुसे चोर
गांव सिसाना-1 के रहने वाले दुकानदार प्रमोद पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव में मोबाइल की दुकान है। रात चोरों ने दुकान की छत उखाड़ दी और इसी रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने दुकान को खंगाला और वहां रखा सामान अपने साथ ले गए।
30 हजार कैश और 25 मोबाइल चोरी
प्रमोद के अनुसार दुकान में करीब 30 हजार रुपये कैश रखा हुआ था। चोर कैश के अलावा करीब 25 मोबाइल फोन भी चोरी कर ले गए। इनमें कुछ कीपैड फोन भी शामिल हैं। दुकानदार ने चोरी हुए मोबाइल फोन की कीमत करीब 1 से 1.5 लाख रुपये बताई है। चोरी के कारण उसे आर्थिक नुकसान हुआ है और इसी दुकान से वह अपने परिवार का गुजारा करता है।
CCTV कैमरे भी उखाड़ ले गए
दुकानदार ने बताया कि दुकान में सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए हुए थे। चोरों ने वारदात के बाद दुकान में लगे कैमरों को भी उखाड़ दिया और अपने साथ ले गए। ऐसे में चोरी की पूरी वारदात की CCTV फुटेज पुलिस को नहीं मिल सकी है। पुलिस अब अन्य संभावित कैमरों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने BNS की धाराओं में केस दर्ज किया
शिकायत मिलने के बाद थाना खरखौदा पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत केस दर्ज किया है। FIR दर्ज करने के बाद पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, जहां मौके का निरीक्षण कर चोरी से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दुकानदार ने जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की
प्रमोद ने पुलिस से चोरों का जल्द पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि चोरी के कारण हुए नुकसान की भरपाई हो सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व चोरी किए गए मोबाइल फोन और कैश की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।