रेवाड़ी शहर में बीती रात को गोतस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस व गोरक्षक की टीम रातभर गो तस्करों का पीछा करती रहीं। गो तस्करों ने अपने बचाव में गोरक्षक टीम पर दो बार फायरिंग भी की। शहर के गढ़ी बोलनी रोड़ पर तस्कर पिकअप गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए। गो तस्कर से चार गोवंश को मुक्त कराया गया है।
गो तस्करों ने अपने बचाव में सुबह करीब 3 बजे गांव पदैयावास के समीप 3 गाय को फेंका। घटना के दौरान तस्कर गाड़ी पेंचर होने के बाद भी गांव कोनसीवास से पदैयावास तक बिना टायर के रिम पर गाडी चलाते रहे। कसौला थाना पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
रात 12:30 बजे मिली थी सूचना
डवाना लालपुर के ग्रामीणों ने रात 12:30 बजे पुलिस को गायों को उठाकर ले जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गोरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। इसके बाद इलाके में तस्करों की तलाश शुरू की गई।
3 किमी तक बिना टायर के दौड़ाई गाड़ी
गोरक्षकों को गांव कोनसीवास के पास तस्करों की गाड़ी दिखाई दी। गाड़ी को रोकने के लिए रास्ते में कांटे डाले गए, जिससे उसके टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद तस्करों ने गाड़ी नहीं रोकी और बिना टायर के रिम पर ही उसे चलाते हुए भागने लगे। तस्कर कोनसीवास से पदैयावास तक करीब 3 किलोमीटर गाड़ी को इसी हालत में चलाते रहे।
बचाव में गाड़ी के आगे फेंकी तीन गाय
गांव पदैयावास के पास गोरक्षक दल की टीम तस्करों के करीब पहुंच गई। इस दौरान तस्करों ने बचाव के लिए गोरक्षक दल की टीम पर दो बार फायरिंग भी की। इसके बावजूद गोरक्षक टीम ने पीछा जारी रखा। पकड़े जाने के डर से तस्करों ने गांव पदैयावास के समीप चलती गाड़ी से तीन गायों को नीचे फेंक दिया। लेकिन गोरक्षकों की टीम ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।
गढ़ी बोलनी रोड़ पर सोमाणी कॉलेज के समीप तस्कर पिकअप गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची गोरक्षकों की टीम ने पिकअप से एक गाय को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी में तीन तस्कर आगे बैठे हुए थे। जबकि पीछे एक तस्कर बैठा हुआ था। पीछे बैठे युवक द्वारा फायरिंग की जा रहीं थी।
गोरक्षकों को कहना है कि पिकअप गाड़ी के अलावा तस्करों के पास एक बिना नंबर की गाड़ी भी थी।
पुलिस ने कब्जे में ली तस्करों की गाड़ी
गायों को फेंकने के बाद तस्कर मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करों की गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। कसौला थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।