लुधियाना में फैक्ट्री वर्कर को लगी गोली:छत पर सोने जा रहा था, पटाखे जैसी आवाज आई; पत्थर समझा, परिवार ने देखा खून

लुधियाना के ज्ञान चंद नगर में छत पर सोने जा रहे फैक्ट्री वर्कर को गोली लग गई। युवक ने बताया कि तेज आवाज के बाद गोली गर्दन के पास आकर लगी। शुरुआत में उसे लगा कि पत्थर लगा है, लेकिन नीचे जाने पर परिवार ने खून देखकर गोली लगने की जानकारी दी।

घायल कन्हैया मौर्य ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह रोटी खाने के बाद छत पर सोने गया था। उसने मंजा और कूलर लगाया था। जैसे ही वह बिस्तर पर लेटने लगा, पटाखे जैसी जोर की आवाज आई। इस दौरान उसकी गर्दन के पास कुछ लगा।

शुरुआत में कन्हैया को लगा कि शायद छत से पत्थर उसके ऊपर गिरा है। जब वह नीचे आया तो परिवार ने खून देखा। परिवार ने बताया कि गोली लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया। जब परिवार ने छत पर जाकर चेक किया तो वहां से एक गोली (बुलेट) बरामद हुई।

पड़ोसी युवक पर लगाया आरोप कन्हैया और उसके परिवार का आरोप है कि यह गोली उनके घर के ठीक पीछे रहने वाले एक युवक ने चलाई है। कन्हैया के मुताबिक, उस युवक के पास एक पिस्तौल है और यार-दोस्तों की किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी। उन्हें शक है कि यह गोली उसी ने चलाई है।

डॉक्टर ने क्या कहा? डॉ. शिवम कुमार ने बताया कि गनशॉट का मामला आया था। परिवार वाले गोली भी साथ लाए थे। मरीज का एक्स-रे करवा लिया गया है। रिपोर्ट के हिसाब से शरीर के अंदर गोली नहीं मिली है। युवक की हालत खतरे से बाहर है। उसे जरूरी इंजेक्शन व फ्लूइड्स दे दिए गए हैं।

पुलिस जांच के बाद सामने आएगा सच

मामले की शिकायत थाना डाबा पुलिस को दे दी गई है। अब पुलिस की जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि यह कोई एक्सीडेंटल फायर था, जो गलती से कन्हैया को लग गया या फिर पूरी प्लानिंग के साथ जान से मारने की नीयत से ही गोली चलाई गई थी।