राजस्थान में मानसून के बीच गर्मी का नया रिकॉर्ड:10 साल में सितंबर सबसे गर्म, पारा 42 डिग्री के ऊपर; जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान से मानसून की वापसी नहीं हुई है, इस बीच गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। राज्य में बुधवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया।

पश्चिमी जिलों में गर्म हवा चलने से बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर में सामान्य से 5 डिग्री तक ऊपर दर्ज हुआ। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

मौसम विभाग ने राज्य में अगले 3-4 दिन प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। पश्चिमी जिलों के साथ पूर्वी हिस्सों में भी दिन में तेज गर्मी रहने का अनुमान है।

राजस्थान में क्यों तेज हुई गर्मी: मानसून अभी राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों से ही विदा हुआ है, लेकिन स्ट्रांग पश्चिमी हवाएं चलने से गर्मी अचानक तेज हो गई। इन हवाओं का ही असर है कि बंगाल की खाड़ी में बने स्ट्रांग डिप्रेशन सिस्टम की पहुंच राजस्थान तक नहीं पहुंच पा रही। मध्य प्रदेश पश्चिमी छोर तक ही इस सिस्टम के असर से बारिश होने की संभावना जताई है।

इन शहरों में गर्मी का रिकॉर्ड: बाड़मेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले 10 साल में सितंबर का सर्वाधिक तापमान रहा। जोधपुर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस, जो साल 2016 के बाद का सर्वाधिक तापमान है। इसी तरह उदयपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो साल 2017 के बाद सर्वाधिक तापमान रहा है।

जयपुर: बुधवार को तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी तेज हो गई। जयपुर में सुबह से देर शाम तक आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।

अजमेर: दोपहर में गर्म हवा ने लोगों को परेशान किया। लोग धूप से बचने की कोशिश करते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अजमेर में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अलवर: बुधवार को सुबह से मौसम सामान्य रहा। दिन में धूप खिली रहने से गर्मी का असर बरकरार रहा। उमस के कारण भी लोगों को परेशानी महसूस हुई। अधिकतम तापमान करीब 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पूरे सप्ताह में बारिश की संभावना नहीं है।

कोटा: बुधवार को धूप में तेजी रही। पारा 1 डिग्री बढ़कर 35 डिग्री के पार हो गया मौसम में बदलाव के चलते उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम पारा 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम साढ़े 5 बजे तक बारिश नहीं हुई।

जोधपुर: बुधवार को मौसम गर्म रहा। अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं जताई है।

सीकर:बुधवार दिनभर तेज गर्मी व उमस रही। यहां से मानसून की औपचारिक विदाई हो गई है। अब बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। सीकर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले 2 दिन मौसम ड्राई रहेगा।

उदयपुर: बुधवार को मौसम सामान्य रहा। दिनभर धूप रही और बीच तापमान बढ़ने से गर्मी का असर रहा। दिन में उमस ने भी परेशान किया। उदयपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।