हिसार शहर के पटेल नगर में रंगदारी और हफ्ता वसूली को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने का वीडियो सामने आया है। घटना बुधवार रात की है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि 6 बदमाश जिनके हाथ में लोहे की राड व तेज हथियार हैं, घर में घुसकर हमला कर देते हैं।
डर के मारे आस-पड़ोस के लोग घरों में ही छिपे रहते हैं और युवक बिना खौफ के भाइयों पर हमला कर देते हैं। बुजुर्ग महिला बचाने का प्रयास करती है, मगर दूर खड़ी चिल्लाती रहती है। हथियार बंद बदमाश घर में घुस जाते हैं और बुरी तरह मारते हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी उनसे हर महीने 3 लाख रुपए की मंथली मांग रहे थे। जब उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो 5 से 6 लोगों ने पीछे से आकर गंडासे, लाठियों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ितों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक भाई की हालत नाजुक बनी हुई है।
कार से खींचकर पीटा : अस्पताल में भर्ती पीड़ित भाई ने आपबीती बताते हुए कहा, हम अपना छोटा-मोटा काम करते हैं। कार्तिक और उसके साथी पिछले 3-4 महीनों से हमें लगातार परेशान कर रहे थे। वे हमसे हर महीने 3 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहे थे।
पैसे देने से मना करने पर पीटा : जब हमने पैसे देने से मना किया, तो उन्होंने हमें जान से मारने की धमकी दी। हम गाड़ी में बैठे थे, तभी 5 से 6 लोगों ने पीछे से हमला कर दिया। मेरे सिर और हाथ पर गंडासे व लाठियों से वार किया गया, जबकि मेरे भाई के पेट में चाकू और गंडासा मारा गया है, वह आईसीयू में है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावरों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वे इलाके में पिस्तौल लेकर घूमते हैं।
पत्नी रोते हुए बोलीं- हमें इंसाफ चाहिए : घायल युवक की पत्नी ने रोते-बिलखते हुए बताया, बदमाश शाम को फोन करके दबाव बना रहे थे। मेरे पति ने मना किया कि हमारे पास इतने पैसे नहीं हैं, हम कहां से लाएं। इसके बाद जब वे सामान या कुछ लेने नीचे गए, तो उन्हें घेर लिया गया।
डंडों और छुरियों से बहुत बुरी तरह मारा गया है। हम प्रशासन और पुलिस से गुहार लगाते हैं कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई कर हमें इंसाफ दिया जाए।
घायलों के बयान किए दर्ज- SHO
वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी एसएचओ करमजीत सिंह ने बताया कि घायलों के बयान करने पीएलए चौकी इंचार्ज अनूप सिंह अस्पताल गए हुए हैं। बयान दर्ज करने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। किसी को कानून हाथ में नहीं लेने नहीं दिया जाएगा।