मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र में एक साथ तीन छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। तीनों छात्र 24 सितंबर की सुबह स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे। देर शाम तक तलाश के बाद परिजनों ने मनियारी थाने में शिकायत दी है।
लापता छात्रों में बलरा इस्माइल निवासी विकास कुमार सिंह के पुत्र अंकुश कुमार(15) शामिल है। परिजनों के अनुसार अंकुश गुरुवार सुबह करीब 9 बजे राजकीय यदुनंदन उच्च विद्यालय बाधी जाने के लिए घर से निकला था। स्कूल में छुट्टी होने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की।
साथ पढ़ने वाले दो छात्र भी उसी समय से गायब
तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गांव के ही अतुल कुमार उर्फ रिक्की और सावन कुमार भी उसी समय से घर से गायब हैं। दोनों छात्र कक्षा 9वीं में पढ़ते हैं।
अंकुश के पिता के अनुसार, अतुल कुमार उर्फ रिक्की अजय कुमार सिंह का पुत्र है, जबकि सावन कुमार भोला सिंह का पुत्र है। तीनों के एक साथ लापता होने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
दो दिन पहले स्कूल में हुआ था विवाद
अंकुश के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि मंगलवार और बुधवार को स्कूल के कुछ बच्चों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद तीनों छात्रों के लापता होने को लेकर परिजन इस बिंदु को भी जांच से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रों के लापता होने और स्कूल में हुए विवाद के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
अंकुश का मोबाइल बंद
परिजनों के अनुसार अंकुश के पास एयरटेल का मोबाइल नंबर था, लेकिन फिलहाल उसका मोबाइल बंद बता रहा है। परिजनों ने पुलिस से छात्रों की जल्द बरामदगी की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
मनियारी थानेदार श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि देर रात परिजनों की ओर से तीन छात्रों के लापता होने की शिकायत मिली है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है और छात्रों की तलाश की जा रही है।