गोरखपुर में सोमावर को राइड कैंसिल करने पर एक श्रद्धालु को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। श्रद्धालु का आरोप है कि राइड कैंसिल करने के बाद राइडर ने उसे 22 बार कॉल किया। फोन पर गाली-गलौज करते हुए कहा- राइड कैंसिल क्यों की, आपको काटकर फेंक दूंगा।
श्रद्धालु के मुताबिक, वह सांसद रवि किशन के घर जाने के लिए राइड बुक किया। बुकिंग में मुस्लिम ड्राइवर का नाम देखकर उसने राइड कैंसिल कर दी थी। इसके बाद उसे धमकी भरे फोन आने लगे। उसने गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ड्राइवर का नाम देखकर राइड कैंसिल की
वाराणसी के बाबतपुर निवासी हेमंत मिश्रा ने बताया-मैं इस्कॉन मंदिर से जुड़ा हूं और धार्मिक गतिविधियों के सिलसिले में देशभर में यात्रा करता हूं। गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा की जानकारी मिली थी। इसलिए रविवार शाम करीब 8 बजे गोरखपुर पहुंच गया। रात में होटल में ठहरा और सुबह कथा सुनने चला गया।
वहां से रामगढ़ताल जाने के लिए रैपिडो से राइड बुक की। बुकिंग में ड्राइवर का नाम मुस्लिम देखा तो खुद को सुरक्षित महसूस नहीं हुआ। करीब 1 मिनट में मैंने राइड कैंसिल कर दी। इसके बाद राइडर फोन करके मारने-काटने की बात करने लगा।
X पोस्ट के बाद पुलिस ने किया संपर्क
हेमंत ने बताया कि धमकी भरी कॉल आने के बाद उसने X पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी। पोस्ट पर गोरखपुर पुलिस ने उसका नंबर मैसेज करने के लिए कहा। उसने पुलिस को नंबर भेज दिया।इसके बाद एसएसपी का कॉल आया। हेमंत ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत देने के लिए कहा। इसके बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज करा दी।
गोरखपुर पुलिस मीडिया सेल का कहना है कि युवक के मोबाइल से धमकी देने वाले व्यक्ति का नंबर लिया गया है। अब मामले में आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है।