लुधियाना के डाबा इलाके में घर के बाहर खुला छोड़े गए अमेरिकन बुली नस्ल के कुत्ते ने जिम जा रहे युवक (स्टूडेंट) पर हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक की टांग पकड़ ली और उसे नीचे गिरा दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता काबू में नहीं आया। एक बुजुर्ग ने डंडे मारकर युवक को उसके जबड़े से छुड़वाया।
युवक के शोर मचाने के बाद कुत्ते का मालिक बाहर आया, लेकिन उसने घायल युवक को सहानुभूति देने की बजाय कहा कि ये जख्म तुम्हारी पुरानी चोट के हैं। घायल युवक ने थाना डाबा पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बीसीए की पढ़ाई कर रहा है युवक घायल अर्पित अग्रवाल ने कहा कि वह गुरु नानक नगर, डाबा लोहारां रोड का रहने वाला है। वह बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। 26 सितंबर को वह घर से जिम जाने के लिए निकला था। जब वह घर के सामने से गुजर रहा था तो वहां अमेरिकन बुली कुत्ता खुला छोड़ा हुआ था।
डंडे मारकर बुजुर्ग ने छुड़वाया कुत्ता देखकर वह रुक गया। उसे पता था कि यदि वह भागा तो कुत्ता उसे नोच खाएगा। अर्पित के मुताबिक कुत्ते ने उसे पहले सूंघा और उसकी टांग पर दांत मार दिए। टांग छोड़ने के बाद जांघ को जबड़े में पकड़ लिया और उसे नीचे गिरा दिया। गली में बैठे एक बुजुर्ग ने डंडे मारकर उसे छुड़वाया।
सदस्यों ने कुत्ते से उसे छुड़ाने की कोशिश की अर्पित ने बताया कि उसके शोर मचाने पर अमन और रमन के परिवार के सदस्यों ने कुत्ते से उसे छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता बेकाबू हो चुका था। इसके बाद इलाके के ही लोगों ने डंडे मारकर किसी तरह उसे कुत्ते से छुड़ाया। हादसे के बाद कुत्ते को दो बार घर में बंद किया गया तो मालिकों के सामने ही उसने काटने के लिए दोबारा कोशिश की।
पहले भी युवक के मामा को काट चुका कुत्ता अर्पित ने बताया कि यह कुत्ता पहले भी उसके मामा पंकज सूद की टांग काट चुका है। इसके बावजूद कुत्ते को खुला छोड़ा गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमन और रमन पुत्र पवन, निवासी गुरु नानक नगर, डाबा लोहारां रोड, के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना डाबा पुलिस ने BNS की धारा 291 और 125 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।