पटना के ADM (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्विटी, जो दानापुर की जिला सब रजिस्ट्रार हैं। इनके ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को छापेमारी की।
पटना के दानापुर स्थित फ्लैट की तलाशी के दौरान 100 से अधिक 500 की गड्डियां मिली थी, जो 70 लाख है। इसके अलावा 6 लाख की 48 घड़ियां बरामद की गई। करीब 3 करोड़ की प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी मिले।
इन दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। रविंद्र कुमार पहले गयाजी में SDM के पद पर रह चुके हैं। इसके अलावा सारण में DPRO भी रहे हैं।
निगरानी की टीम ने पटना और बेगूसराय स्थित इनके आवास और अन्य ठिकानों पर एक साथ पहुंचीं थी। पटना के दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के ब्लॉक-बी के फ्लैट नंबर- 304 में रेड चल रही थी।
पटना में निगरानी टीम डीएसपी मिथिलेश कुमार ने कहा कि पति-पत्नी दोनों पर केस दर्ज है। पटना में एक ही फ्लैट में रेड की गई। 70 लाख कैश और महंगी घड़ियां मिलीं।
अलमारी, बक्से और दूसरी जगहों पर छिपाया था कैश दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन होम्स में पत्नी कुमारी स्विटी के नाम 49 लाख 34 हजार रुपए का फ्लैट और रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम 45 लाख 68 हजार 50 रुपए का फ्लैट है। दोनों फ्लैट किराए पर हैं। निगरानी को यहां अलमारी से 6 लाख कैश मिले।
इसके बाद अलमारी, बक्से और दूसरी जगहों की तलाशी ली गई। वहां 70 लाख रुपए मिले।
जांच एजेंसी के अनुसार, रवींद्र ने जमीन और फ्लैट में निवेश किया है। खुद, पत्नी और पिता लखन लाल पासवान के नाम फुलवारीशरीफ में एक-एक प्लॉट है। तीनों प्लॉट की कीमत 1.47 करोड़ रुपए है।
रूपसपुर के कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट में एक फ्लैट खुद के नाम है। दूसरा फ्लैट पत्नी के नाम है।
कुमारी स्विटी और रविंद्र के नाम फ्लैट-जमीन
वहीं, स्विटी के नाम फुलवारीशरीफ में 3.9 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीमत 51 लाख 73 हजार 50 रुपए और रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम इतनी ही जमीन है, जिसकी कीमत 51 लाख 73 हजार 50 रुपए है।
बेगूसराय के बलिया में रविंद्र के नाम 20 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीमत 23 लाख 77 हजार 900 रुपए है। रविंद्र कुमार दिवाकर के पिता लखन लाल पासवान के नाम फुलवारीशरीफ में 3.9 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीमत 44 लाख 19 हजार 50 रुपए है।
बेगूसराय में पिता के नाम 4 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीतम 26 लाख 40 हजार 800 है, जिसको 15 जनवरी 2024 को गिफ्ट डीड के जरिए रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम यह जमीन किया गया।
बेगूसराय में 9 लाख कैश बरामद
बेगूसराय जिला मुख्यालय के नगर थाना पोखरिया वार्ड नंबर-37 स्थित पैतृक आवास पर निगरानी की टीम दिन के 1:00 बजे पहुंची थी। 6 सदस्यीय टीम ने तलाशी ली थी।
निगरानी विभाग के डीएसपी वासुदेव राय ने बताया था कि रविंद्र कुमार दिवाकर पटना में एडीएम (सप्लाई) हैं। उनके खिलाफ निगरानी थाने में आय से अधिक मामले में केस दर्ज है। इस मामले में कोर्ट से वारंट आदेश लेकर घर की तलाशी की गई।
आवास से 9 लाख कैश मिले। इसके अलावा काफी मात्रा में सोने की ज्वेलरी भी बरामद हुई।
दस्तावेज और सामान मिले
अधिकारियों के दोनों ठिकानों की तलाशी ली गई थी। कुछ दस्तावेज और सामान मिले थे। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की जा रही है। दस्तावेजों और संपत्तियों का मिलान संबंधित अधिकारियों की घोषित आय और संपत्ति से होगा।
छापेमारी के बाद ब्योरा सार्वजनिक कर सकती टीम
पटना और बेगूसराय में देर रात तक कार्रवाई चली। निगरानी विभाग की टीम दोनों स्थानों पर अभी छापेमारी कर रही थी। विभाग की ओर से तलाशी पूरी होने के बाद बरामद नगदी, आभूषण, निवेश और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा जारी किया जाएगा। मामला निगरानी थाना में दर्ज है।
2009 में नौकरी में आए, 2013 में पत्नी सब रजिस्ट्रार
रवींद्र पहले टीचर थे। 2010 में बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बने। रविंद्र पूर्व में गयाजी में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ के पद पर भी रह चुके हैं। अभी पटना में एडीएम सप्लाई हैं।
उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी साल 2013 में सब रजिस्ट्रार बनीं। पहली पोस्टिंग तेघरा थी, जहां 2017 तक रही। इसके बाद हवेली खड़गपुर में 2017-21, सकरा में 2021-24 और दानापुर में 2024 से अब तक है।