रोहतक MDU में सुरक्षा के नाम पर पाबंदियों का विरोध:24 घंटे रीडिंग हॉल मिले, VC को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी

रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी में मिशन इक्वेलिटी स्टूडेंट आर्गेनाइजेंशन (मीशो) छात्र संगठन ने छात्राओं को 24 घंटे रीडिंग हॉल उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही वीसी को ज्ञापन देते हुए समस्या का समाधान करने की बात की और समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

मीशो छात्र संगठन के महासचिव नकुल ने बताया कि छात्राओं की पढ़ाई पर पहरा क्यों लगाया जा रहा है। छात्राओं को पढ़ाई करने के लिए 24 घंटे रीडिंग हॉल नहीं मिल रहा, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में छात्राएं पढ़ाई कहां करे और परीक्षा के दिनों में तो छात्राओं को भारी दिक्कत होती है।

छात्राओं के ऊपर प्रतिबंद क्यों लगाया

वीसी से मिली छात्राओं ने UGC की 2015 गाइडलाइंस का हवाला देते हुए कहा कि सुरक्षा के नाम पर महिला छात्रों की स्वतंत्रता और आवाजाही पर अनावश्यक प्रतिबंध नहीं लगाए जा सकते। छात्राएं पुरुष छात्रों के समान फीस देती हैं, लेकिन उन्हें समान शैक्षणिक सुविधाएं नहीं मिल रही, जिसके लिए एमडीयू प्रशासन जिम्मेदार है।

एमडीयू की पाबंदियों से पढ़ाई प्रभावित

छात्राओं ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा लगाई पाबंदियां उनकी पढ़ाई और भविष्य के अवसरों को प्रभावित कर रही हैं। एमडीयू प्रशासन से समान शैक्षणिक सुविधाएं और 24 घंटे रीडिंग हॉल की सुविधा देने की मांग की। छात्राओं ने स्पष्ट किया कि मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी।