फरीदाबाद में मामूली टक्कर पर कैब ड्राइवर को जड़े थप्पड़:हल्का हॉर्न बजाने पर बलेनो कार सवार भड़के; डैशकैम में कैद हुई घटना

फरीदाबाद में सड़कों पर लोगों का धैर्य इस कदर खत्म होता जा रहा है कि मामूली सी बात पर लोग मारपीट करने लग जाते हैं। ताजा मामला पांच नंबर चर्च रोड से सामने आया है, जहां महज एक हल्के हॉर्न और मामूली टक्कर के बाद दो दबंग युवकों ने कानून को हाथ में लेते हुए एक बेकसूर कैब ड्राइवर को थप्पड़ जड़ दिए। यह घटना टैक्सी में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया है।

जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना फरीदाबाद के व्यस्ततम इलाकों में शामिल पांच नंबर चर्च रोड पर रात के समय घटित हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर आगे चल रही एक कार के पीछे पीड़ित ड्राइवर अपनी कैब लेकर चल रहा था। अचानक ब्रेक लगने की स्थिति के कारण कैब ड्राइवर ने हॉर्न बजाया। हॉर्न बजाने के तुरंत बाद आगे चल रही गाड़ी से पीछे वाली कैब की बेहद हल्की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी मामूली थी कि गाड़ियों को कोई खास नुकसान भी नहीं पहुंचा था।

बिना बातचीत ड्राइवर को मारे थप्पड़

गाड़ी टच होते ही आगे चल रही कार में सवार दोनों युवक गुस्से से आग बबूला हो गए और उन्होंने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर ही रोक दी। अमूमन ऐसे मामलों में लोग नुकसान को देखते हैं या बातचीत करते हैं, लेकिन इन दबंग युवकों के सिर पर खून सवार था। वे गाड़ी से नीचे उतरे और बिना किसी बातचीत या बहस के सीधे पीछे चल रहे कैब ड्राइवर पर टूट पड़े।

डैशकैम में कैद हुई घटना

डैशकैम के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवकों ने मिलकर कैब ड्राइवर को घेर लिया। उन्होंने ड्राइवर को कार से बाहर खींचकर उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोग मूकदर्शक बने रहे।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

बीच ट्रैफिक में सरेआम कैब ड्राइवर के साथ हुई इस मारपीट का वीडियो अब तेजी से फैल रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है।

लोगों का कहना है कि फरीदाबाद में कानून व्यवस्था का खौफ अपराधियों और इन दबंगों के मन से पूरी तरह खत्म हो चुका है। सरेआम किसी गरीब और कामकाजी ड्राइवर पर इस तरह हाथ उठाना पूरी तरह से गैर-कानूनी है।