यूपी के 26 गांवों में बाढ़:बिहार के छपरा में घर बहा, केदारनाथ में पारा माइनस 4°C; दिल्ली में 7 साल में सबसे प्रदूषित मानसून

यूपी में मानसून की वापसी शुरू हो गई है। गोंडा के 26 गांवों में घाघरा नदी का पानी घुस गया है। बाढ़ से करीब 6 हजार लोग प्रभावित हैं। सड़कों पर नाव चल रही है। पानी में डूबने से 2 लोगों की मौत हो गई है।

बिहार के 6 जिलों में बाढ़ से 2.03 लाख लोग प्रभावित हैं। नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण गंडक, कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं। छपरा के हजलपुर गांव में बांध टूटने के बाद पानी के तेज बहाव में एक घर टूटकर बह गया।

उत्तराखंड के 5 पहाड़ी जिलों में आज बारिश की संभावना है। किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं, एक हफ्ते पहले हुई बर्फबारी के बाद आज केदारनाथ का तापमान माइनस 4°C रिकॉर्ड किया गया।

सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के मुताबिक, 2019 के बाद दिल्ली में इस साल सबसे प्रदूषित मानसून रहा। जुलाई से सितंबर के बीच औसत AQI 105 रहा।

इस दौरान 84 दिनों में सिर्फ 1 दिन हवा ‘अच्छी’ रही, जबकि 49 दिन संतोषजनक, 39 दिन मध्यम और 2 दिन खराब श्रेणी में रहे। PM10 का औसत स्तर 108 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो 2019 के बाद सबसे ज्यादा है।