तरनतारन के भंगाला गांव में फिरौती के लिए 50 लाख रुपए मांगने के बाद नंबरदार बोहड़ सिंह के घर के गेट पर फायरिंग की गई। मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावर गोली चलाकर फरार हो गए। इस दौरान 5-6 बार फायरिंंग की गई। मामला गुरुवार देर शाम का है। परिवार के सदस्य गुरचेत सिंह के मुताबिक, उन्हें कुछ समय से धमकी भरे फोन आ रहे थे।
फायरिंग की जानकारी मिलते ही थाना सदर पट्टी के प्रभारी नरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से खाली खोल बरामद हुए हैं। नरेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमलावर किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए।
कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल गौरतलब है कि नजदीकी गांव तूत में आम आदमी पार्टी के सरपंच अश्वनी देवगन की हत्या के बाद से ही इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। ऐसे में भंगाला में नंबरदार के घर के गेट पर हुई फायरिंग से लोग और डर गए हैं।
हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाए। इसके साथ ही उनका कहना है कि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।