हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) यानी फैमिली आईडी से जुड़े प्रोसेस में 3 अहम बदलाव किए गए हैं। अब एनरोलमेंट ID बनने, फैमिली ID तैयार होने और परिवार में नया सदस्य जुड़ने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS आएगा। इससे लोगों को ID बनने और परिवार के रिकॉर्ड में हुए बदलाव की जानकारी समय पर मिल सकेगी।
हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि कई बार परिवारों में मनमुटाव चलता है। बिना परिवार के मुखिया की अनुमति के फैमिली आईडी में अपना ऐड करवा देते थे। कई बार गलती से फैमिली आईडी में गलत सदस्य जुड़ जाते थे। अब फैमिली हेड की सहमति के बिना नाम नहीं जुड़ेगा।
इसी साल दिसंबर तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित PPP 2.0 वर्जन लाने की तैयारी है। इसके जरिए परिवार की वर्थ वैल्यू यानी पूरी कमाई एक दस्तावेज से पता चल सकेगी। खट्टर सरकार ने 4 जुलाई 2020 को परिवार पहचान पत्र योजना शुरू की थी। जिसमें अब बड़े बदलाव हो रहे हैं।
6 सवालों से जानिए…3 बदलाव क्या और क्यों
- PPP में क्या नई व्यवस्था शुरू हुई है?जवाब: अब PPP से जुड़ी तीन प्रक्रियाओं की जानकारी SMS के जरिए दी जाएगी। इनमें एनरोलमेंट ID बनना, फैमिली ID तैयार होना और परिवार में नया सदस्य जुड़ना शामिल है।
- किन-किन मौकों पर मोबाइल पर SMS आएगा?जवाब: तीन स्थितियों में SMS भेजा जाएगा।-एनरोलमेंट ID बनने पर: ID बनने की जानकारी मोबाइल पर मिलेगी।-फैमिली ID बनने पर: परिवार को बताया जाएगा कि उसकी फैमिली ID तैयार हो गई है।-नया सदस्य जुड़ने पर: परिवार के रिकॉर्ड में नया सदस्य जुड़ने की सूचना SMS से मिलेगी।
- परिवार में नया सदस्य जुड़ने पर SMS क्यों आएगा?जवाब: परिवार को पता चल सकेगा कि उसकी फैमिली ID में नया सदस्य जोड़ा गया है। इससे रिकॉर्ड में हुए बदलाव की जानकारी समय पर मिलेगी और परिवार अपने विवरण पर नजर रख सकेगा।
- ID बनने पर SMS मिलने से क्या फायदा होगा?जवाब: लोगों को अपनी ID बनने की जानकारी के लिए बार-बार पूछताछ नहीं करनी पड़ेगी। SMS मिलने से उन्हें पता चल सकेगा कि संबंधित प्रक्रिया पूरी हो गई है। इससे बेवजह की उलझन भी कम होगी।
- SMS पाने के लिए क्या करना जरूरी है?जवाब: PPP में दर्ज मोबाइल नंबर सही और चालू होना चाहिए। इसी नंबर पर SMS भेजा जाएगा। इसलिए अगर मोबाइल नंबर बदल गया है, तो PPP में दर्ज नंबर भी अपडेट करा लें।
- क्या परिवार के रिकॉर्ड में बदलाव होने पर भी जानकारी मिलेगी?जवाब: हां, परिवार में नया सदस्य जोड़े जाने पर SMS अलर्ट भेजा जाएगा। इससे परिवार को अपने रिकॉर्ड में हुए इस बदलाव का पता चल सकेगा। परिवार पहचान पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर की जांच कर लें। नंबर सही होने के साथ सक्रिय भी होना चाहिए।
अब जानिए…PPP-2.0 वर्जन में क्या बदलाव की तैयारी
- परिवार की आय-खर्च का पूरा हिसाब: AI की मदद से परिवार के सदस्यों के पैन, आधार, प्रॉपर्टी ID, किसान ID, आभा ID, बैंक लोन और बच्चों की स्कूल फीस जैसी जानकारियां PPP से जोड़ी जाएंगी। इससे परिवार की वास्तविक वर्थ वैल्यू का आकलन किया जा सकेगा।
- अपात्रों की पहचान होगी: सरकार उन परिवारों की पहचान कर सकेगी, जो वास्तविक आय और संपत्ति से कम आय दिखाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इससे पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
- स्कूल फीस और लाइफस्टाइल भी आधार: बच्चों की स्कूल फीस और लग्जरी लाइफ पर होने वाले खर्च को भी परिवार की वर्थ वैल्यू के आकलन में शामिल किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर, 10 हजार रुपए मासिक फीस यानी सालाना 1.20 लाख रुपए का खर्च भी रिकॉर्ड में आएगा।
- बैंक लोन की जानकारी भी जुड़ेगी: घर बनाने या अन्य जरूरतों के लिए लिए गए बैंक लोन और उसकी किस्तों का ब्योरा भी शामिल होगा। इससे परिवार की वित्तीय स्थिति का आकलन करते समय कर्ज की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
- जानकारी छिपाना होगा मुश्किल: आधार और अन्य दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी एक प्लेटफॉर्म पर आने से आय और संपत्ति से संबंधित विसंगतियां पकड़ने में मदद मिलेगी। इससे रिकॉर्ड में गलत जानकारी देने वालों की पहचान करना आसान हो सकता है।