हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह में बिजली सप्लाई करने के लिए प्राइवेट कंपनी ‘इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड’ को लाइसेंस देने का विरोध शुरू हो गया। बिजली कर्मचारियों ने 22 अक्टूबर यानी कल से तीन दिन तक हड़ताल करने का ऐलान किया हुआ है।
इसे देखते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली कर्मियों को आज बुधवार तीन बजे मीटिंग करने का बुलावा भेजा था। मगर, बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों के साझा मंच ‘हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा’ ने इस बुलावे को ठुकरा दिया है। शक्ति भवन (HVPNL) के चीफ इंजीनियर/एडमिन को पत्र भेजकर मोर्चा ने अपनी असमर्थता जताई है।
मोर्चा का कहना है कि प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए बहुत कम समय (शॉर्ट नोटिस) दिया गया। इसके अलावा, संगठन के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी अस्वस्थ हैं और अन्य की पूर्व-निर्धारित अनिवार्य व्यस्तताएं हैं। इसी कारण सर्वसम्मति से बैठक में शामिल न होने का फैसला लिया गया है।
बता दें कि दो दिन पहले हरियाणा बिजली विनियामक आयोग (HERC) ने प्राइवेट कंपनी का लाइसेंस जारी किया था। इसके बाद से ही बिजली कर्मचारी लगातार विरोध कर रहे है। केंद्रीय मंत्री से लेकर सकरार के पुतले फूंके जा रहे है। इसी को देखते हुए अनिल विज की अध्यक्षता में दोपहर 3:00 बजे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में बैठक तय की गई थी।
पहले जानिए कंपनी इलेवन पावर को कैसे मिली हरियाणा में एंट्री…
- HERC और एक्सपर्ट कमेटी ने लगाई मुहर : पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक निगम की अध्यक्षता वाली एक्सपर्ट कमेटी की विस्तृत समीक्षा के बाद आयोग ने पाया कि कंपनी ने कैपिटल एडिक्वेसी (पूंजी पर्याप्तता), क्रेडिट वर्थनेस और कोड ऑफ कंडक्ट के सभी वैधानिक नियमों को पूरा किया है। इस आयोग में कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश गर्ग और सदस्य शिव कुमार हैं।
- 33 kV-डोमिनेंट मॉडर्न आर्किटेक्चर: इलेवन पावर पारंपरिक 11 kV की भारी-भरकम और पुरानी लाइनों के बजाय 33 kV प्राइमरी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बिछाएगी। 33 kV केबल 11 kV के मुकाबले 4 गुना ज्यादा लोड संभालने में सक्षम होती है, जिससे बिजली कटौती और तकनीकी फॉल्ट्स न के बराबर होते हैं।
- गैस-इंसुलेटेड कॉम्पैक्ट सब-स्टेशन : गुरुग्राम जैसे घने और जमीन की कमी वाले शहरों में कंपनी बड़े खुले सब-स्टेशनों के बजाय कारखाने में बने फैक्ट्री-असेंबल्ड GIS कॉम्पैक्ट सब-स्टेशन लगाएगी। ये बहुत कम जगह घेरते हैं और पूरी तरह से कवर्ड होने के कारण मौसम/धूल से खराब नहीं होते।
- अंडरग्राउंड केबलिंग और कवर्ड कंडक्टर्स : शहर के अंदर दुर्घटनाओं से बचाव के लिए 11 kV और 33 kV की अंडरग्राउंड केबल बिछाई जाएगी। ग्रामीण और बाहरी इलाकों में खुली तारों की जगह मीडियम वोल्टेज कवर्ड कंडक्टर (MVCC) का उपयोग होगा, ताकि आंधी या पेड़ गिरने पर भी करंट न फैले और बिजली न कटे।
अब जानिए बिजली कर्मचारी क्यों कर रहे विरोध…
प्रॉफिट देने वाले क्षेत्रों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा
संयुक्त मोर्चा ने 25 साल के लिए समानांतर लाइसेंस दिए जाने के इस फैसले को ‘जन-विरोधी’ और ‘कर्मचारी-विरोधी’ करार दिया है। मोर्चे का आरोप है कि प्रदेश के सबसे ज्यादा राजस्व (प्रॉफिट) देने वाले क्षेत्रों गुरुग्राम और नूंह को निजी हाथों में सौंपकर सरकारी बिजली निगम (DHBVN) की कमर तोड़ने की साजिश रची जा रही है। आने वाले समय में बाक़ी जिलों को भी प्राइवेट कंपनियों के हवाले करने की सरकार की योजना है।
प्रदर्शन और पूर्ण हड़ताल का शेड्यूल जारी किया
चीफ इंजीनियर को भेजे पत्र में मोर्चा ने कर्मचारियों ने 22 से 24 अक्टूबर तक 3 दिवसीय पूर्ण हड़ताल का शेड्यूल जारी किया है। कहना है कि बिजली क्षेत्र के सार्वजनिक हितों, प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं की निर्बाध बिजली सेवा और हजारों कर्मचारियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
- 21 अक्टूबर (सुबह 11:00 बजे): HERC के लाइसेंस से जुड़े आदेश की प्रतियां पूरे हरियाणा में जलाई जाएंगी।
- 22, 23 एवं 24 अक्टूबर (3 दिवसीय हड़ताल): प्रदेश भर के सभी बिजली कार्यालयों में लगातार 3 दिन की पूर्ण हड़ताल रहेगी।
- 24 अक्टूबर (सुबह 11:00 बजे): हड़ताल के तीसरे दिन अगले चरण के आंदोलन और भावी रणनीति का बड़ा ऐलान किया जाएगा।