लखनऊ में थार सवारों पर नशे की हालत में अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि थार में सवार अधिवक्ता और उनके साथ मौजूद लोगों ने गर्भवती महिला के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर महिला के पति के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान थार अनियंत्रित होकर युवक के पैर पर चढ़ गई।
घटना में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 22 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस और थार के बीच विवाद
तहरीर के मुताबिक, 21 और 22 अक्टूबर की मध्यरात्रि दंपती पुराना पारा से मायापुरम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुराना पारा में बस संख्या AR11L1046 और थार संख्या UP32RS7108 के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि थार में सवार लोग नशे की हालत में थे। उन्होंने गर्भवती महिला के साथ अभद्रता की। पति ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान थार अनियंत्रित हो गई और युवक के पैर पर चढ़ गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना में दंपती के अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।