यमुनानगर में ट्रांसफार्मर और कार के बीच फंसा युवक:इलाज के दौरान तोड़ा दम; सड़क किनारे खड़ा था, गाड़ी ने मारी टक्कर

यमुनानगर शहर की थापर कॉलोनी में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक सड़क किनारे खड़ा था। आरोप है कि कार ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक कार और पास में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के बीच फंस गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को स्वामी विवेकानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चिट्टा मंदिर रोड स्थित गाधोली कॉलोनी निवासी मनोज के रूप में हुई है। वह 3 बच्चों का पिता था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

करनाल नंबर ऑल्टो कार ने मारी टक्कर

पुलिस को दी शिकायत में गाधोली कॉलोनी निवासी काका ने बताया कि उसके रिश्ते के भाई मनीष ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई मनोज (33) का थापर कॉलोनी में एसएस इंटरप्राइजेज के पास एक्सीडेंट हो गया है। मनोज को स्वामी विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मनोज की उपचार के दौरान मौत होने की जानकारी दी।

काका के अनुसार, आसपास के लोगों से घटना के बारे में पता करने पर जानकारी मिली कि करनाल नंबर ऑल्टो कार के ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े मनोज को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज कार और बिजली के ट्रांसफार्मर के बीच फंस गया। हादसे में लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

यमुनानगर सिटी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।