सीतापुर में सोमवार देर रात तालाब में डूबी आल्टो कार में 3 कारोबारियों के शव मिले। ड्यूटी से घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों को तालाब में कुछ तैरता दिखा। टॉर्च जलाई तो कार की छत दिखाई दी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने क्रेन की मदद से कार बाहर निकलवाई तो 2 शव आगे और एक पीछे की सीट पर था। शवों के पास से मिले डॉक्यूमेंट से उनकी पहचान राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) और रामेंद्र सिंह (62) के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों से बात की तो पता चला कि बहराइच में राकेश के बेटे का एक्सीडेंट हुआ था। उसे देखने वो 2 दोस्तों के साथ बहराइच रवाना हुए थे। वापस आते वक्त परिवार से बात हुई, फिर कोई संपर्क नहीं हुआ।
घटना जिला मुख्यालय से 42 किलोमीटर दूर कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव की है। प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। CCTV खंगाले जा रह हैं। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बेटे का एक्सीडेंट हुआ तो पिता देखने गए जानकारी के मुताबिक, सिधौली निवासी राकेश चौरसिया के बेटे मोहन का रविवार दोपहर 4 बजे बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। उसे हल्की चोटें आई थीं। उसे घर लाने के लिए राकेश ने बहराइच जाने का प्लान बनाया।
यह बात जब पड़ोसी सतीश और अटरिया निवासी रामेंद्र को बताई तो उन्होंने भी साथ चलने की इच्छा जताई। शाम 5 बजे तीनों सतीश की आल्टो कार (UP 32 EE 4038) से रवाना हुए और रात में बहराइच पहुंच गए।
बेटा घर आ गया, पिता नहीं लौटे तो चिंता हुई बेटा मोहन अपने दोस्त के साथ देर रात घर वापस आ गया। बताया कि पापा को कुछ काम आ गया था। इस वजह से वह देर से बहराइच से निकले। हालांकि, देर रात तक तीनों घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई।
परिजनों ने फोन मिलाना शुरू किया तो किसी का फोन नहीं लगा। सोमवार दोपहर 12 बजे मोबाइल बंद होने पर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सिधौली-बहराइच रूट के CCTV खंगालने शुरू किए।
घर से 20 किमी. दूर कार आती दिखी, लेकिन घर नहीं पहुंचे घर से करीब 20 किमी दूर कंदुनी फैक्ट्री के CCTV में कार घर की तरफ आती दिखी। इसके बाद पुलिस ने फैक्ट्री और घर के बीच तलाशी अभियान चलाया। इस बीच मोबाइल नंबर ट्रेस करना शुरू किया तो लास्ट लोकेशन खुर्द गांव के पास मिली।
पुलिस इलाके की छानबीन कर ही रही थी कि रात करीब डेढ़ बजे पंचपीर गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के तालाब में एक कार गिरी है। पुलिस ने कार बाहर निकलवाई तो अंदर शव मिले। शुरुआती जांच में डूबने से मौत की बात आ रही है।
- सतीश निर्मल सिधौली के नरोत्तम नगर के रहने वाले थे। परिवार में एक बेटा उज्ज्वल (14) और एक बेटी (11) है। सतीश की सिधौली के तहसील रोड स्थित महावीर मार्केट में जय श्री कॉस्मेटिक के नाम से दुकान है।
- राकेश चौरसिया की महावीर मार्केट के पास पान-मसाले की दुकान है। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा मोहन बहराइच में रहता है।
- रामेंद्र सिंह की महावीर मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। तीन बेटे- रोहित सिंह, शोभित सिंह और मोहित सिंह हैं।
कार करीब 20 घंटे तक डूबी रही
जिस तालाब में कार गिरी, उसमें किसी प्रकार की बाउंड्रीवॉल नहीं थी। न ही सड़क के किनारे रेलिंग थी। इसके अलावा पिछले महीने में हुई मूसलाधार बारिश की वजह से तालाब लबालब भरा हुआ था।
पुलिस का कहना है कि कार सुबह 4 बजे CCTV में दिखी थी। जहां हादसा हुआ, वहां कार को पहुंचने में 20 मिनट लगे होंगे। यानी हादसा तड़के 4.20 बजे हुआ। यानी कार करीब 20 घंटे तक डूबी रही।
शुरुआती जांच में पता लगा है कि कार में डूबने की वजह से कार के चारों गेट लॉक हो गए। काफी कोशिश के बाद भी गेट नहीं खुले।