‘तू मर जा, भाई की दूसरी शादी करा दूंगी’:भाई का आरोप- ननद के तानों से तंग आकर बहन ने चौथी मंजिल से छलांग लगाई

बहन से उसकी ननद ने कहा- तू मर जा। मैं भाई की दूसरी शादी करा दूंगी। करीब आठ घंटे बाद वह चौथी मंजिल से कूद गई। इससे पहले छोटे भाई से कहा था कि बच्चों का ख्याल रखना।

यह आरोप है धर्मेंद्र शर्मा का। दरअसल, 26 अक्टूबर की सुबह 4 बजे धर्मेंद्र की 32 वर्षीय बहन भूमि शर्मा ने मुरैना में चौथी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की।

वह गंभीर हालत में दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती है। महिला के शरीर का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया है। उसे अब तक होश नहीं आया है।

धर्मेंद्र का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी बहन और उसकी ननद वंदना शर्मा के बीच झगड़ा हुआ था।

एक महीने पहले किराए के मकान में रहने आए थे

भूमि की शादी करीब 12 साल पहले हरेंद्र शर्मा से हुई थी। दंपती के 11 साल की बेटी और 9 साल का बेटा है। परिवार करीब एक महीने पहले नैनागढ़ रोड स्थित एक मकान में किराए से रहने आया था। हरेंद्र मुरैना में दूध का कारोबार करते हैं।

परिजन के अनुसार, रविवार को भूमि और उसकी ननद वंदना के बीच विवाद हुआ था। रात में वंदना ने भूमि के देवर जितेंद्र शर्मा और उसकी पत्नी को भी बुलाया।

धर्मेंद्र का आरोप है कि इस दौरान भूमि के साथ गाली-गलौज की गई। उसने फोन पर बहन से मिली जानकारी के बाद पति-पत्नी को समझाने की कोशिश भी की थी।

छोटे भाई से कहा- बच्चों का ख्याल रखना

धर्मेंद्र के मुताबिक, घटना से करीब एक घंटे पहले भूमि ने अपने छोटे भाई नरेंद्र शर्मा को फोन किया था। वह रोते हुए बोली कि बच्चों को ठीक से पालना, उनका ख्याल रखना और उन्हें अच्छे संस्कार देना। उसने यह भी कहा कि वह जा रही है।

परिजन के अनुसार, घटना के वक्त भूमि छत पर थी। सुबह करीब 4 बजे वह चौथी मंजिल से कूद गई। उसके बच्चे और पति उसे रोकने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन वह नहीं रुकी। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद ग्वालियर और फिर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पड़ोसियों ने भी विवाद की आवाजें सुनने की बात कही

एक पड़ोसी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि घर में दो दिन से विवाद की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि, पड़ोसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो सकता है।