हमीरपुर में 3 साल की बच्ची के साथ रेप कर हत्या करने वाले का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। उसके दोनों पैरों में गोली मारी और कंधों पर टांग कर अस्पताल ले गई। पुलिस टीम आरोपी को सोमवार सुबह 6 बजे घटनास्थल पर ले जा रही थी।
मुस्कुरा इलाके के पावर हाउस के पीछे पहुंचते ही आरोपी ने पहले से रखे तमंचे से पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
आरोपी रविवार दोपहर बच्ची को घर के बाहर से उठा ले गया था। अरहर के खेत में ले जाकर रेप किया। इसके बाद पैजामी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने शाम को ही उसे गिरफ्तार कर लिया था।
हालांकि, पोस्टमॉर्टम के लिए शव ले जाने के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीओ की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया था। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ था। मामला जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर का है।
- कस्बा मुस्करा में रहने वाली बच्ची रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कस्बे का रहने वाला हीरा उसे अपने साथ ले गया। वह बच्ची को गहरौली मार्ग स्थित नई बस्ती के पास अरहर के खेत में ले गया। वहां बच्ची से रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी। फिर लाश खेत में छोड़कर अपने घर लौट आया।
- बच्ची के पिता ने बताया- शाम करीब 4 बजे बेटी घर और आसपास नहीं मिली। इस पर हम लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों के साथ खेतों और आसपास के इलाकों में बच्ची की खोजबीन की गई।
- हीरा भी बच्ची की तलाश में घरवालों और गांववालों के साथ शामिल रहा। वह लगातार लोगों को गुमराह करता रहा। इसी दौरान घरवालों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ, तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। रात करीब 8 बजे गहरौली मार्ग पर नई बस्ती के पास अरहर के खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला। इस पर घरवालों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने हीरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के दौरान घरवालों ने हंगामा कर दिया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से रोक दिया था।
- शव ले जाने के दौरान ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। पहले कार्रवाई की मांग करते हुए ग्रामीणों ने सीओ राठ की गाड़ी का अगला शीशा तोड़ दिया। राठ कोतवाली, जलालपुर और बिवांर थानों की गाड़ियों के साथ यूपी-112 के वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। करीब आधा दर्जन पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
सबूत जुटाने ले गई थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार करने के बाद टीम सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जा रही थी। मुस्कुरा इलाके के पावर हाउस के पीछे पहुंचते ही पहले से रखे तमंचे से हीरालाल ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।
इसके बाद उसे कंधों पर टांगकर सीएचसी ले गई। इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एएसपी अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।