चक्रवात मुरासु चेन्नई से सिर्फ 200km दूर:आज रात आंध्र तट से टकराएगा, MP-छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में आंधी-बारिश; यूपी के 10 शहरों में कोहरा

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘मुरासु’ सिर्फ 24 घंटे में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह 5:30 बजे यह तमिलनाडु के चेन्नई से 200 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से 210 किलोमीटर दूर था। तूफान 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

इसके आज रात 11:30 बजे से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे के बीच आंध्र के ओंगोल तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मुरासु का असर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में दिखेगा। इन राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।

आंध्र प्रदेश के बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है। ओडिशा में 2 और 3 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में 5 नवंबर तक आंधी-बारिश का दौर रह सकता है। चक्रवात ‘मुरासु’ का नाम भारत ने रखा है। तमिल भाषा में इसका मतलब युद्ध का नगाड़ा होता है। देश में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा चक्रवात है। इससे पहले 28 अक्टूबर को चक्रवात ‘अर्नब’ आया था।

इधर, उत्तर प्रदेश के देवरिया और कुशीनगर समेत 10 शहरों में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहा। बिहार के सुपौल में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 60 मीटर रही। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग समेत 5 पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना है। इन इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

दिल्ली की हवा फिर बहुत खराब, AQI 396 तक पहुंचा

दिल्ली में सोमवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 428 तक पहुंच गया। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब रही। सबसे ज्यादा AQI 396 रोहिणी में दर्ज किया गया, जबकि अलीपुर में यह 375 और विवेक विहार में 370 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, अक्षरधाम और ITO में AQI 349 दर्ज किया गया। इंडिया गेट और जनपथ में यह 335 रहा।