एमपी में आज होगी गोवर्धन पूजा:सीएम 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए गोशालाओं को ट्रांसफर करेंगे ₹60 करोड़

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित 5 लाख 51 हजार निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के विजेता पशुपालकों को भी पुरस्कार राशि देंगे।

संस्कृति विभाग के अधीन श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गोवर्धन पूजन के साथ गोवंश संरक्षण-संवर्धन और पशुपालकों के सम्मान से जुड़े आयोजन होंगे। प्रदेशभर की 3 हजार से अधिक गोशालाओं में भी गोवर्धन पूजा की जाएगी।

गोवंश के भरण-पोषण के लिए 40 रुपए प्रतिदिन अनुदान

श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी के अनुसार, प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

गोशालाओं को प्रति गोवंश प्रतिदिन 40 रुपए अनुदान दिया जा रहा है। गोशालाओं के सुदृढ़ीकरण, निराश्रित गोवंश के व्यवस्थापन और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति और गोवंश के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रदेशभर में आयोजित यह पर्व गौसेवा, पशुपालक सम्मान और गोवंश संरक्षण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। सरकार के प्रयासों के साथ सामाजिक सहभागिता से गोवंश संरक्षण की परंपरा और मजबूत होगी।