दीपावली पर हर घर में रोशनी थी, बच्चे पटाखे चला रहे थे और परिवार त्योहार की खुशियां बांट रहे थे, लेकिन रीवा के रोझौही और सरई कला क्षेत्र में माहौल अलग था। यहां कई घरों में दीपावली की तैयारियां नहीं हुईं। न घरों को सजाया गया और न दीये जलाकर त्योहार मनाया गया।
प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने इस बार दिवाली नहीं मनाई। उनके लिए त्योहार से ज्यादा अहम अपनी जमीन, पानी और भविष्य की लड़ाई रही। इस विरोध के बीच विमला कोल के परिवार का दर्द भी जुड़ा रहा, जिनकी मौत के बाद घर में पहली दीपावली उनकी गैरमौजूदगी में आई।
विमला के पति जमुना कोल के लिए यह त्योहार सामान्य नहीं था। जिस घर में पत्नी के साथ दीपावली की खुशियां बांटनी थीं, वहां अब उनकी यादें हैं। आंदोलन के दौरान विमला की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई थी। उनके परिवार और ग्रामीणों का कहना था कि वह जल सत्याग्रह में शामिल थीं और कई दिनों से तालाब में उतरकर विरोध जता रही थीं।
दूसरी ओर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा था कि विमला जल सत्याग्रह में शामिल नहीं थीं और नित्यकर्म के दौरान गिरने से उनकी मौत हुई थी। मौत की परिस्थितियों को लेकर परिवार और प्रशासन के अलग-अलग दावे सामने आए थे। विमला की मौत के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने परिवार से मुलाकात कर 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी थी।
त्योहार से ज्यादा बच्चों के भविष्य की चिंता संदीप कोल ने कहा कि दीपावली पर हर परिवार अपने घर में खुशियां मनाना चाहता है, लेकिन जब अपनी जमीन और भविष्य को लेकर चिंता हो तो त्योहार मनाने का मन नहीं होता। हमारी आजीविका जमीन से जुड़ी है। हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह जमीन सुरक्षित रहे।
रावेंद्र कोल ने कहा कि गांव के लोगों के लिए पानी और जमीन सबसे जरूरी हैं। प्रस्तावित प्लांट से इन पर क्या असर पड़ेगा, इसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामीणों को नहीं दी गई है। जब तक लोगों की आशंकाओं का समाधान नहीं होता, विरोध जारी रहेगा।
बबली कोल ने कहा कि दीपावली बच्चों के लिए खुशियों का त्योहार है, लेकिन इस बार गांव के लोगों ने अपने भविष्य की चिंता को प्राथमिकता दी। हम नहीं चाहते कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी जमीन और अधिकार बचाने के लिए संघर्ष करना पड़े।
440 मेगावाट का प्रस्ताव, सर्वे का भी हुआ विरोध रोझौही और सरई कला क्षेत्र में टाटा पावर से जुड़ी 2×220 मेगावाट क्षमता की प्रस्तावित न्यूक्लियर परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध है। शुरुआती तकनीकी जांच के लिए एमएस फुग्रो की दो बोरिंग मशीनें पहुंची थीं। योजना में 8 बोरहोल किए जाने थे, जिनमें 4 करीब 100 मीटर तक गहरे प्रस्तावित थे। ग्रामीणों ने सर्वे का विरोध कर काम रुकवा दिया था। 9 अक्टूबर को कंपनी, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई बैठक भी बेनतीजा रही थी। ग्रामसभा में भी परियोजना के प्रस्ताव पर असहमति जताई गई थी।
‘भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान हो’ सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी शिवानंद द्विवेदी ने बताया कि ग्रामीणों का विरोध किसी विकास कार्य के खिलाफ नहीं है। उनकी चिंता जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण को लेकर है। ग्रामीण चाहते हैं कि उनकी आपत्तियों और भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान किया जाए। प्रस्तावित प्लांट को निरस्त करने और कोटी जलप्रपात को बचाने की मांग को लेकर आंदोलन जारी है।