यादव महासभा ने बागेश्वर धाम में तालाबंदी का किया ऐलान:लाठी में तेल लगाकर, हाथों में जूता लेकर बनाया वीडियो; श्रीकृष्ण को टेढ़े भगवान बयान का विरोध

बागेश्वर धाम को लेकर शुक्रवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान के विरोध में यादव महासभा ने आज शुक्रवार को प्रदर्शन और धाम में तालाबंदी की चेतावनी दी है। इसके विरोध में गढ़ा गांव के स्थानीय निवासी और धाम के समर्थक भी लामबंद हो गए हैं। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

कथित बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद

मामले की शुरुआत अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के पदाधिकारी पुष्पेंद्र यादव और आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हुई।

महासभा का आरोप है कि कथावाचक के कथित बयान से भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के निर्देश पर छतरपुर से बागेश्वर धाम तक विरोध रैली निकालने और तालाबंदी करने का ऐलान किया गया है।

धाम के समर्थक भी हुए लामबंद

तालाबंदी की चेतावनी के बाद गढ़ा गांव के निवासी और बागेश्वर धाम के समर्थक भी विरोध में उतर आए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में समर्थक सुबह से धाम के मुख्य गेट पर मौजूद रहने की बात कह रहे हैं। छात्र नेता सत्येंद्र शर्मा ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा सनातन और धाम के समर्थन में मुख्य गेट पर रहेंगे। किसी को भी धाम में ताला नहीं लगाने दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने भी दी चेतावनी

गढ़ा निवासी उत्तम सेन ने भी प्रदर्शनकारियों का विरोध किया है। उन्होंने दामोदर यादव और अन्य प्रदर्शनकारियों को धाम में प्रवेश नहीं करने देने की बात कही है। इस बीच दोनों पक्षों की बयानबाजी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से माहौल गरमाया हुआ है।

भारी पुलिस बल तैनात, भ्रामक पोस्ट पर नजर

एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की ओर से की जा रही भ्रामक और अनर्गल टिप्पणियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए वैधानिक प्रक्रिया का पालन और प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। धाम और छतरपुर मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।